| रांची/गिरिडीह |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से मान्यताप्राप्त जिला संघों में वित्तीय अनियमितता की फेहरिस्त काफी लंबी होती जा रही है। बोकारो में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर ऑडिट कराए जाने के ऑडियो विडियो वायरल होने के बाद अब बारी गिरिडीह जिला क्रिकेट संघ (GDCA) की है। GDCA में वित्तीय अनियमितता का आलम ये है कि पिछले आठ वर्षों से संस्था के आय-व्यय का ऑडिट ही नहीं हुआ है। ये सनसनीखेज खुलासा sportsjharkhand.com के साथ बातचीत में GDCA सचिव पद से इस्तीफा दे चुके रमेश यादव ने किया है। रमेश यादव ने स्वीकार किया है कि पिछले 8 वर्षों से संस्था के आय-व्यय का ऑडिट नहीं हुआ है। मतलब पिछले 8 वर्षों के दौरान GDCA के अकाउंट में कितने पैसे आए और कितने पैसे खर्च हुए, इसका कोई हिसाब किताब ही नहीं है। साथ ही रमेश यादव ने भरोसा दिलाया कि बहुत जल्द ही ऑडिट करा लिया जाएगा। रमेश यादव ने स्वीकार किया कि स्वास्थ्य संबंधी कारणों और ऑडिट नहीं होने के कारण ही उन्होंने सचिव पद से इस्तीफा दिया है।
फिर JSCA ने कैसे बरकरार रखी GDCA की मान्यता ?
सवाल उठता है कि जब GDCA जैसी संस्था के अकाउंट का ऑडिट 8 वर्षों से हुआ ही नहीं तो किन दस्तावेजों के आधार पर JSCA ने GDCA की मान्यता बरकरार रखी है। इतनी बड़ी वित्तीय अनियमितता के बावजूद JSCA के किन पदाधिकारियों का वरदहस्त GDCA के पदाधिकारियों को प्राप्त है ? नाम किसी से छुपा नहीं है लेकिन “बिलार” के गली में घंटी कौन बांधे ? वो भी तब जब “बिलार” ने गाली गलौच के साथ 5 जुलाई को ही JSCA के अध्यक्ष व सचिव को फारिया लेने की खुली चुनौती दे दी थी।
GDCA पर थोपे गए सचिव संतोष तिवारी अपने निजी अकाउंट में लेते हैं टीमों के निबंधन का पैसा
रमेश यादव ने स्वीकार किया कि कोविड के समय से ही संतोष तिवारी GDCA के सभी कार्यों का निर्वहन कर रहे हैं। GDCA में A डिवीजन की 12 और B डिवीजन की 32 टीमों में से ज्यादा टीमों के निबंधन की राशि संतोष तिवारी ने या तो नकद ली या अपने निजी फोन पे, गूगल पे या अकाउंट में ली। ये कैसे संभव है कि अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष की मौजूदगी के बावजूद एक संयुक्त सचिव संस्था के अकाउंट की बजाय अपने निजी अकाउंट में निबंधन की राशि जमा कर रहा हो। ये कुकर्म JSCA के वरीय अधिकारियों की शह के बगैर संभव नहीं।
GDCA एक्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक 12 जुलाई को शाम 7 बजे
sportsjharkhand.com पर लगातार खबरें छपने के बाद GDCA अध्यक्ष पवन कुमार मिश्रा के निर्देश पर उपाध्यक्ष बबलू शर्मा ने 12 जुलाई की शाम 7 बजे एक्जीक्यूटिव कमिटी की बैठक बुलाई है। स्थानीय होटल में बुलाई गई बैठक में GDCA की एक्जीक्यूटिव कमिटी के सभी सदस्यों को मौजूद रहने का निर्देश भी दिया गया है। इस बैठक में रमेश यादव के इस्तीफे के बाद बनी परिस्थितियों पर विचार विमर्श किया जाएगा।
GDCA के कुकर्मों पर जारी रहेगी हमारी विशेष पेशकश







