खूंटी की रहनेवाली निक्की प्रधान व सिमडेगा की सलीमा टेटे का चयन भारतीय ओलंपिक महिला हाॅकी टीम में हुआ है। ये पहला मौका है जब झारखंड के दो हाॅकी खिलाड़ी एक ही ओलंपिक में भाग लेंगे। हाॅकी इंडिया ने आज ही 16 सदस्यीय महिला हाॅकी टीम की घोषणा की जिसमें झारखंड की निक्की प्रधान डिफेंडर जबकि सलीमा का चयन मिडफिल्डर के तौर पर किया गया है। इससे पहले पुरूष या महिला हाॅकी टीम में कभी भी झारखंड के दो खिलाड़ी भारतीय ओलंपिक टीम का हिस्सा नहीं बन पाए हैं। सलीमा सिमडेगा आवासीय सेंटर की प्रशिक्षु रहीं हैं और उनकी कोच प्रतीमा बरवा हैं। जबकि निक्की के कोच दशरथ महतो जी हैं। दोनों खिलाड़ियों के चयन पर खेल प्रेमियों व खेल प्रशासकों ने खुशी व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। हाॅकी के प्रशंसकों को आशा है कि 1980 से हाॅकी में पदकों का टोटा इस बार खत्म होगा। महिला हाॅकी में भारत ने पहली बार 2016 में ही भाग लिया था, टीम के लिए ये दूसरा मौका है कि वे ओलंपिक में भाग ले रही हैं।
अर्जुन मुंडा ने दी बधाई
झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सह भारतीय तीरंदाजी संघ के अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने भी निक्की प्रधान व सलीमा टेटे को बधाई दी है। उन्होंने अपने बयान में कहा है कि मेरे लिए ये खुशी की बात है कि भारतीय ओलंपिक हाॅकी महिला टीम में शामिल दोनों खिलाड़ी मेरे लोकसभा संसदीय क्षेत्र खूंटी से आती हैं। अर्जुन मुंडा ने रेल मंत्री पियूष गोयल को भी बधाई दी है कि 16 सदस्यीय हाॅकी टीम में 13 खिलाड़ी रेलवे की हैं।


![]() ![]() दो ओलंपिक खेलनेवाली दूसरी महिला खिलाड़ी बनेंगी निक्की प्रधान भारतीय हाॅकी टीम में जगह बनाते ही निक्की प्रधान ने एक रिकाॅर्ड बना दिया है। निक्की झारखंड की सिर्फ दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई हैं जिन्होंने दो ओलंपिक खेलने का गौरव प्राप्त किया है। इससे पहले का रिकाॅर्ड तीरंदाज दीपिका के नाम था जो इस बार तिसरी बार ओलंपिक का हिस्सा बनेंगी। |
खिलाड़ी एक ओलंपिक को तरशते हैं, मेरी शिष्या दो-दो ओलंपिक का हिस्सा बनेगी। ये मेरे, खूंटी और झारखंड के लिए गौरवांवित करनेवाली बात है। पिछली बार जो कमियां रह गयी थी उसे पाटते हुए निक्की और सलिमा पदक के साथ लौंटे यही शुभकामनाएं हैं।
दशरथ महतो, निक्की प्रधान के प्रारंभिक कोच
साई रांची में हाॅकी कोच जगन टोप्नो की शिष्या सियामी का भी चयन
साई सैग सेंटर मोरहाबादी, रांची में कार्यरत महिला हाॅकी टीम के कोच जगन टोप्नो की शिष्या रही लाल रेम सियामी का भी चयन भारतीय टीम में हुआ है। सियामी मिजोरम की रहनेवाली हैं और जगन जब मिजोरम में पदस्थापित थे तो उन्होंने ने ही सियामी के प्रतीभा को निखारा था। टीम में सियामी के चयन होने पर जगन ने खुशी व्यक्त की है।








