| रांची |
झारखंड राज्य में विकास की गंगा इस कदर बह रही है कि स्वयं गंगा भी हैरान परेशान हो गई है। गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन स्थित एनेक्सी बिल्डिंग के सभागार में खेल मंत्री हफीजुल हसन ने राज्य में छह नए एकलव्य खेल प्रशिक्षण केंद्रों (सेंटर फॉर एक्सीलेंस) के शुभारंभ की घोषणा की। राज्य में पहले से मात्र 3 सेंटर फॉर एक्सीलेंस चल रहे हैं। सुनने में लगता है कि ये शुभारंभ एक ऐतिहासिक पहल है लेकिन सच्चाई इस कदर स्याह की आंखें पथरा जाएं। दरअसल आज से जिन छह सेंटर फॉर एक्सीलेंस का शुभारंभ हुआ उसके लिए अब तक ना तो एक भी खिलाड़ियों का चयन हुआ है ना ही प्रशिक्षकों की नियुक्ति/प्रतिनियुक्ति हुई है। खिलाड़ियों व प्रशिक्षकों के रहने के हॉस्टल की बात भी बेमानी है। इसके बावजूद सभागार के माइक से एक नहीं छह-छह सेंटर फॉर एक्सीलेंस की घोषणा खेल मंत्री ने कर दी। पता हो की पहले से ही स्वीकृत रांची के होटवार स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में कुश्ती व बैडमिंटन, रांची के ही बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम व धनबाद में फुटबॉल, चंदनकियारी में एथलेटिक्स और सिमडेगा के एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में हॉकी का सेंटर फॉर एक्सीलेंस का आज शुभारंभ हुआ है। ये सभी सेंटर फॉर एक्सीलेंस का कागजों पर आज से शुभारंभ।
पहले से चल रहे सेंटर फॉर एक्सीलेंस भगवान भरोसे
राज्य में पहले से चल रहे रांची के एस्ट्रो टर्फ स्टेडियम में हॉकी, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और दुमका में चल रहे तीरंदाजी के सेंटर फॉर एक्सीलेंस की हालत राज्य के आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों से भी बदतर है। सेंटर में प्रशिक्षणरत खिलाड़ियों को लगभग दो वर्ष से किट का इंतजार है। किट मोरहाबादी स्थित झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) के गोदाम में पिछले कई माह से “अंडा” देने के कारण खिलाड़ियों तक नहीं पहुंच पाया है। प्रशिक्षण के लिए जरूरी खेल सामग्रियों की बात भी बेमानी है। SAJHA के कार्यकारी निदेशक अभी “टेंडर” और “वैकेंसी” को निपटाने में व्यस्त है। तीन सेंटरों में से दो सेंटर प्रतिनियुक्ति के भरोसे चल रहे हैं जबकि एक सेंटर सहायक प्रशिक्षक के भरोसे। सहायक प्रशिक्षक भी सेंटर फॉर एक्सीलेंस छोड़ आवासीय सेंटर जाने की इच्छा सार्वजनिक रूप से जता चुके हैं।
सेंटर फॉर एक्सीलेंस के खिलाड़ी 175 रुपए प्रतिदिन की दर से भोजन करने को मजबूर
सेंटर फॉर एक्सीलेंस में प्रशिक्षणरत खिलाड़ी 175 रुपए प्रतिदिन की दर से भोजन करने को मजबूर हैं उम्र और अनुभव में उनसे “जूनियर” खिलाड़ियों के ऊपर खेल निदेशालय 350 रुपए प्रतिदिन खर्च कर रहा है। आज जब प्रोजेक्ट भवन के सभागार में मंत्री, सचिव और निदेशक 350 रुपए के भोजन का ढिंढोरा पीट रहे थे तब वहां मौजूद कुछ खेल पत्रकार “त्रिदेव” की “ज्ञान गंगा” पर अपना माथा पीट रहे थे। दरअसल सेंटर फॉर एक्सीलेंस का संचालन झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA) करता है जबकि आवासीय प्रशिक्षण केंद्र का संचालन खेल निदेशालय के स्तर से होता है। खेल निदेशक सुशांत गौरव ने खिलाड़ियों के बढ़े भोजन दर का आदेश निकाल दिया लेकिन SAJHA के कार्यकारी निदेशक सुशांत गौरव को “टेंडर” और “वैकेंसी” निकालने से अब तक फुर्सत नहीं मिल पाई है। जब फुर्सत मिल जाएगी तब पत्र निकल जाएगा।
संसाधनों के नाम पर टेंडर की कट मनी के लिए कागजों पर शुभारंभ करवाया गया सेंटर फॉर एक्सीलेंस !
जब पहले से चल रहे तीन सेंटर फॉर एक्सीलेंस की हालत इतनी बदतर है तो फिर छह नए सेंटर फॉर एक्सीलेंस का शुभारंभ क्यों करवाया गया ? झारखंड में खेल से खिलवाड़ का काला इतिहास बताता है कि संसाधनों के जुगाड़ के नाम पर होनेवाले टेंडर और उससे मिलनेवाली कट मनी के लिए ऐसा किया जाता रहा है। संभव है कि छह सेंटर फॉर एक्सीलेंस का कागजी शुभारंभ भी इसीलिए किया गया हो।







