| रांची |
मार्च 2025 में विधानसभा सत्र के दौरान सवाल उठाने और उसपर कार्रवाई के आश्वासन के बावजूद फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र और स्टेडियम मैनेजर की नियुक्ति ना होने से व्यथित सिल्ली विधायक अमित महतो ने खेल निदेशक शेखर जमुआर को पत्र लिखा है। 9 जुलाई को लिखे पत्र में आग्रह किया गया है कि वर्षों से स्वीकृत बालक व बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र जल्द से जल्द शुरू किया जाए। इसके अलावा लगभग पत्र में डेढ़ दशक से अपूर्ण आधारभूत संरचनाओं को भी पूर्णता प्राप्त कराने का आग्रह किया गया है। स्थानीय विधायक ने एक राजनीतिक दल द्वारा स्टेडियम के दुरुपयोग को रोकने और स्टेडियम मैनेजर की जल्द से जल्द नियुक्ति करने का भी आग्रह किया है। अमित महतो ने खेल निदेशक से आग्रह किया है कि वे स्वयं सिल्ली पहुंचकर वस्तुस्थिति को देखें और विधानसभा में दिए गए आश्वासन को जल्द से जल्द पूरा करें और उन्हें (अमित महतो) सूचित करें। जिससे कि आगामी विधानसभा सत्र में जरूरत पड़ने पर मामले को दोबारा उठाया जा सके। पत्र के साथ स्टेडियम के राजनीतिक दुरुपयोग और विधानसभा में उठाए गए प्रश्न व इनपर सरकार के जवाब से जुड़े दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं।
स्टेडियम में फ्लड लाइट तो लगा लेकिन बिजली का कनेक्शन आज तक नहीं लग पाया
स्टेडियम में चार फ्लड लाइट लगाए गए हैं लेकिन आश्चर्य की बात है डेढ़ दशक से ज्यादा वक्त गुजरने के बावजूद इन फ्लड लाइट्स के लिए जरूरी बिजली का कनेक्शन नहीं लगाया गया। जब भी कोई आयोजन होता है निजी जेनरेटर के भरोसे ही फ्लड लाइट जलाया जाता है। स्टेडियम परिसर स्थित मानभूम कला केंद्र के लिए साधारण बिजली का कनेक्शन
4 मार्च 2025 को विधानसभा में सरकार ने बताया था कि स्टेडियम मैनेजर और प्रशिक्षक की नियुक्ति प्रक्रियाधीन
अमित महतो द्वारा उठाए गए प्रश्न के जवाब में 4 मार्च 2025 को सरकार ने बताया कि सिल्ली फुटबॉल स्टेडियम में मैनेजर और प्रशिक्षक की नियुक्ति की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही नियुक्ति कर दी जाएगी। इसके बाद प्रशिक्षक शिशिर महतो को स्टेडियम मैनेजर का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है।







