| रांची |
खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने में भले ही पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के अधिकारी आपको कहीं नजर ना आएं लेकिन मौका मिलते ही खिलाड़ियों का मनोबल तोड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ते। पश्चिमी सिंहभूम की जिला खेल पदाधिकारी सह दर्जनों अंतरराष्ट्रीय मेडल विजेता रूपा रानी तिर्की को खेल विभाग ने 1 जुलाई को शो कॉज थमा दिया कि आपने बगैर पूर्वानुमति के विदेश यात्रा की इसलिए आपके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए ? इसका जवाब रूपा रानी तिर्की ने दिया और जवाब पर विभाग की ओर से भविष्य में गलती न दोहराने की चेतावनी का पत्र थमा दिया गया। खास बात ये है कि बॉलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा टीम में शामिल किए जाने की सूचना मिलते ही रूपा रानी तिर्की ने 7 से 20 जून तक ऑस्ट्रेलिया में आयोजित वर्ल्ड बॉल्स की प्लैटिनम चैंपियनशिप में जाने के लिए आवेदन जमा कर दिया था और विदेश जाने की अनुमति मांगी थी। ससमय अनुमति नहीं मिली और अनुमति मिलने की प्रत्याशा में रूपा रानी प्रतियोगिता में भाग लेने चली गईं और लौटते ही विभाग के अधिकारियों ने शो कॉज थमा दिया। राज्य में इससे पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के दौरान खिलाड़ी, प्रशिक्षक, रेफरी, तकनीकी पदाधिकारी, खेल प्रशासक, मैनेजर और वरीय अफसर सरकार की बगैर अनुमति विदेश जाते रहे हैं, वापस लौटने पर कागजों की औपचारिकता पूरी कर दी जाती है। दरअसल विभाग के अधिकारी इस बात से नाराज़ थे कि बहुत पहले आवेदन दिया जाना चाहिए था। अब उन अधिकारियों को कौन समझाये कि कभी कभी शॉर्ट नोटिस में भी खेलने के लिए जाना पड़ता है। प्रतियोगिता में रूपा के अलावा पूरे भारतवर्ष से मात्र दो अन्य खिलाड़ी चयनित किए गए थे।
अंतरराष्ट्रीय पदक जीतने पर रूपा रानी तिर्की को तीन साल से नहीं मिली वेतन वृद्धि, जिम्मेवार कौन ?
खेल नीति के अनुसार 2022 के बकिंघम, ब्रिटेन कॉमनवेल्थ गेम्स में पदक जीतने पर रूपा रानी तिर्की को एक वेतन वृद्धि का लाभ मिलना चाहिए था। आवेदन विभाग में तीन साल से किस कोने में पड़ा है, पता नहीं। रूपा के साथ कई और खिलाड़ियों का आवेदन भी धूल फांक रहा है। कितने अधिकारियों को शो कॉज हुआ ? नहीं हुआ तो क्यों ?
इस विषय पर रूपा रानी तिर्की का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखने तक उनका पक्ष नहीं मिल पाया।







