| रांची
SportsJharkhand.com EXCLUSIVE |
बड़े तामझाम के साथ जून 2026 में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) द्वारा निजी संस्था के साथ मिलकर आयोजित झारखंड T20 क्रिकेट लीग (JT20CL) की सफलता के पीछे का स्याह पक्ष सामने आने लगा है। JT20CL की विजेता टीम छोटानागपुर रॉयल्स और निचले पायदान पर रहे संथाल स्ट्राइकर्स के 35 खिलाड़ियों को नीलामी के एवज में मिलनेवाली राशि का इंतजार दिन प्रति दिन लंबा होता जा रहा है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले को हुए 110 दिन गुजर गए लेकिन खिलाड़ियों को एक पाई तक नसीब नहीं हो पाई है। खिलाड़ियों के अलावा दोनों टीमों के सपोर्ट स्टाफ (मुख्य कोच, बैटिंग कोच, बॉलिंग कोच, फिजियो, मैनेजर आदि) को भी मैदान पर बहाए गए पसीने के एवज में मिलनेवाली राशि का अब तक इंतजार है। जानकारी के अनुसार चार अन्य टीमों के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का भुगतान हो चुका है।
छोटानागपुर रॉयल्स और संथाल स्ट्राइकर्स के 35 खिलाड़ियों को 87.45 लाख रुपए का इंतजार
नीलामी के अनुसार छोटानागपुर रॉयल्स के 18 खिलाड़ियों को 47.5 लाख रुपए और संथाल स्ट्राइकर्स के 17 खिलाड़ियों को 39.95 लाख रुपए का भुगतान होना शेष है। इसके अलावा दोनों टीम के सपोर्ट स्टाफ को भी लाखों रुपए का भुगतान होना शेष है। पता हो कि छोटानागपुर रॉयल्स के मालिक BIG Shop समेत 10 पार्टनर हैं जबकि संथाल स्ट्राइकर्स De Sportsbay Pvt. Ltd. की संपत्ति है।
JSCA के संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम से सीधी बात


प्रश्न : कुछ टीमों के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का पेमेंट अब तक क्यों नहीं हो पाया ?
शाहबाज नदीम : कुछ टीमों ने एक अलग कंपनी विशेष प्रयोजन इकाई (SPV) बनाने के लिए वक्त मांगा था। इसी कारण कुछ टीमों के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के भुगतान में विलंब हुआ है।
प्रश्न : अगर ऐसा था है तो अन्य चार टीमों ने कैसे भुगतान कर दिया ?
शाहबाज नदीम : एक फ्रेंचाइजी ने एक सप्ताह पहले ही SPV से जुड़े दस्तावेज जमा करा दिए हैं, एक कंपनी ने कोई भी दस्तावेज जमा नहीं कराया है।
प्रश्न : कब तक भुगतान हो जाएगा ?
शाहबाज नदीम : इन्हीं मुद्दों को लेकर 15 अक्टूबर को फ्रेंचाइजी के साथ JSCA प्रबंधन की बैठक होनी है। सभी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को एक सप्ताह के अंदर भुगतान हो जाएगा।
प्रश्न : क्या खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को भुगतान में देरी के संदर्भ में विश्वास में लिया गया था ?
शाहबाज नदीम : बातचीत के दौरान खिलाड़ियों व सपोर्ट स्टाफ को मैं तकनीकी कारण साफ साफ बता देता हूं।







