| रांची |
झारखंड के विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार कुशाग्र का चयन न्यूजीलैंड के खिलाफ 13 और 15 नवंबर को बे ओवल (तौरंगा) में खेले जानेवाले आखिरी दो एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय (ODI) मुकाबले के लिए भारतीय टीम में किया गया है। भारतीय टीम में झारखंड के ईशान किशन पहले से ही शामिल हैं, ऐसे में 12 साल 9 माह और 12 दिन बाद ऐसा संयोग बन रहा है जब भारतीय ODI टीम में झारखंड के दो खिलाड़ी भारतीय सीनियर टीम का हिस्सा बनेंगे। आखिरी बार 31 जनवरी 2014 को न्यूजीलैंड के वेलिंगटन में खेले गए ODI के दौरान तत्कालीन कप्तान महेंद्र सिंह धौनी और तेज गेंदबाज वरुण एरॉन भारतीय टीम का हिस्सा थे और प्लेइंग 11 में भी शामिल थे। पता हो कि झारखंड की ओर से अब तक रमेश सक्सेना (1967), रणधीर सिंह (1975), सबा करीम (1989, टीम में शामिल लेकिन प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं), सुब्रतो बनर्जी (1991-92), महेंद्र सिंह धौनी (2004), सौरभ तिवारी (2010), वरुण एरॉन (2011), शाहबाज नदीम (2019), ईशान किशन (2021) और कुमार कुशाग्र (2026) ने भारतीय टीम में जगह बनाई है। सबा करीम कालांतर में JSCA(BCA) छोड़कर बंगाल की ओर से खेले और भारत का प्रतिनिधित्व किया।
अब तक मात्र 10 अंतरराष्ट्रीय मैच में झारखंड के दो खिलाड़ी एकसाथ भारतीय टीम के प्लेइंग 11 का हिस्सा रहे
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA पूर्व में BCA) के 91 साल के इतिहास में अब तक सिर्फ और सिर्फ 10 बार ऐसा संयोग बना जब भारतीय क्रिकेट टीम (टेस्ट और ODI) में झारखंड के दो खिलाड़ी प्लेइंग 11 का हिस्सा रहे। ईशान किशन और कुमार कुशाग्र 13 और/या 15 नवंबर को प्लेइंग 11 का हिस्सा बनेंगे तो ये 11वां अवसर होगा।
20 अक्टूबर 2010 बनाम ऑस्ट्रेलिया ODI – महेंद्र सिंह धौनी और सौरभ तिवारी
23 अक्टूबर 2011 बनाम इंग्लैंड ODI – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
25 अक्टूबर 2011 बनाम इंग्लैंड ODI – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
22-26 नवंबर 2011 बनाम वेस्टइंडीज टेस्ट – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
25 जनवरी 2014 बनाम न्यूजीलैंड ODI – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
28 जनवरी 2014 बनाम न्यूजीलैंड ODI – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
31 जनवरी 2014 बनाम न्यूजीलैंड ODI – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
7-9 अगस्त 2014 बनाम इंग्लैंड टेस्ट – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
15-17 अगस्त 2014 बनाम इंग्लैंड टेस्ट – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
17-20 दिसंबर 2014 बनाम ऑस्ट्रेलिया टेस्ट – महेंद्र सिंह धौनी और वरुण एरॉन
कौन हैं कुमार कुशाग्र
21 वर्षीय कुमार कुशाग्र दाएं हाथ के बल्लेबाज-विकेटकीपर हैं। पिछले दो-तीन वर्षों से लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। इंडिया A और दिलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन का इनाम उन्हें भारतीय ODI टीम में जगह के तौर पर मिला है। कुमार कुशाग्र IPL में गुजरात लायंस का हिस्सा हैं, जिन्हें गुजरात ने 2024 के ऑक्शन में 7.2 करोड़ रुपए में खरीदा था।
“पिछले सत्र में सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीतने के बाद से चयनकर्ताओं की नजरें झारखंड के क्रिकेटरों पर टिकी हैं और हमारे क्रिकेटर शानदार प्रदर्शन की बदौलत मौके का फायदा उठा रहे हैं” – सौरभ तिवारी, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सह सचिव JSCA







