| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
22 करोड़ के सालाना बजट वाली झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) ने सभी कैडेट्स का मेडिकल इंश्योरेंस कराया है लेकिन बीमार या घायल पड़ने की स्थिति में कैडेट्स को अस्पताल की बजाय इलाज कराने के लिए घर भेज दिया जाता है। JSSPS ने यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस से सभी कैडेट्स का 50-50 हजार रुपए का ग्रुप इंश्योरेंस कराया है। मेडिक्लेम का कैशलेस कार्ड ऑफिस के दराज में धूल फांक रहे हैं और अंजली उरांव इलाज के अभाव में चल बसी। अंजली की मौत के बाद JSSPS प्रबंधन डिफेंसिव है लेकिन उसके कुप्रबंधनों की फेहरिस्त काफी लंबी है। पूर्व में भी इलाज से जुड़े ऐसे दर्जनों मामले हैं जब प्रशिक्षण के दौरान कैडेट्स गंभीर रूप से घायल हो गए लेकिन JSSPS प्रबंधन ने उनका इलाज सही तरीके से नहीं कराया। ऐसे कैडेट्स को घर भेज दिया गया और उनके हाल पर छोड़ दिया गया। उन दर्जनों मामलों में से तीन मामले हम अपने पाठकों के समक्ष रख रहे हैं। इससे साफ हो जाएगा कि JSSPS प्रबंधन अपने कैडेट्स का कितना “ख्याल” रखता है
पहला मामला : सागर महतो
प्रूवेन टैलेंट स्कीम के तहत U 14 में 600 मीटर दौड़ का स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट सागर महतो को JSSPS में शामिल किया गया। चतरा के रहनेवाले सागर को प्रशिक्षण के दौरान टखने में चोट आ गई। JSSPS प्रबंधन ने इलाज के नाम पर पेन किलर खिलाया। जब लगा कि इलाज में वक्त और पैसा दोनों लगेगा तो JSSPS ने सागर को उसके घर भेज दिया। परिजनों ने अचल संपत्ति बेचकर सागर का इलाज कराया। इलाज के बाद एक माह पहले सागर JSSPS लौट आया और प्रशिक्षण में जुट गया है।
दूसरा मामला : आरती मेहता
प्रूवेन टैलेंट स्कीम के तहत बोकारो की आरती मेहता JSSPS में शामिल की गई। U 14 केंद्रीय विद्यालय राष्ट्रीय प्रतियोगिता के 100 मीटर की पदक विजेता आरती को अभ्यास के दौरान कमर में दर्द हो गया। दो तीन माह तक इलाज के नाम पर पेन किलर दिया जाता रहा। फिर बच्ची को घर भेज दिया गया। आरती के अभिभावकों ने इलाज कराया और JSSPS छोड़वा दिया। आरती बोकारो में अपने घर पर है और लंबे अंतराल के अभ्यास करने की तैयारी में है।
तीसरा मामला : सोनम कुमारी
चतरा की रहनेवाली सोनम कुमारी ने U 14 600 मीटर दौड़ में स्टेट गोल्ड मेडलिस्ट को घुटने में चोट लग गई। CCL के गांधीनगर अस्पताल से JSSPS में कार्यरत एक फिजियोथैरेपिस्ट ने इलाज किया और अपनी फाइंडिंग दी कि सोनम का एथलेटिक्स का करियर खत्म हो गया है अब इसे आर्चरी जैसे इवेंट में अपना भाग्य आजमाना चाहिए। इसके बाद सोनम अपने घर चतरा चली गई। इलाज कराने के बाद वो JSSPS वापस लौटी और U 16 राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के 800 मीटर दौड़ का स्वर्ण पदक जीता। राज्यस्तरीय क्रॉस कंट्री में भी स्वर्ण पदक जीता। पूर्वी क्षेत्र एथलेटिक्स में 800 मीटर का स्वर्ण जीता। जूनियर नेशनल भी खेली और पांचवें नंबर पर रहते हुए अपना बेस्ट समय निकाला।
“गूगल डॉक्टर” वॉर्डन बलमदीना तिग्गा के भरोसे है बालिका कैडेट्स का इलाज
गर्ल्स हॉस्टल में अगर किसी कैडेट्स की तबियत खराब होती है तो वार्डन बलमदीना तिग्गा अपने स्मार्ट फोन पर बीमारी टाइप कर दवा का नाम सर्च करती हैं। फिर तात्कालिक तौर पर कैडेट्स को वही दवा बलमदीना देती हैं। जब “गूगल डॉक्टर” बलमदीना की दवाई से कैडेट्स दो चार दिन में ठीक नहीं होते तब उन्हें गांधीनगर अस्पताल भेजा जाता है। पता हो कि बलमदीना पर पूर्व में कई गंभीर आरोप लग चुके हैं और काल के गाल समा चुकी अंजली उरांव को बीमार होने पर दवाई देने का आरोप बलमदीना पर ही है।







