sportsjharkhand.com टीम
रांची
sportsjharkhand.com की खबर पर मुहर लग गयी है। JSSPS की खेल अकादमी को नवंबर माह में ही एथलेटिक्स और ताइक्वांडो में दो नए कोच ज्वाइन कर लेंगे। पिछले माह 26 अक्टूबर को हुए साक्षात्कार के बाद एथलेटिक्स के लिए ए के मैथयू और ताइक्वांडो के लिए सृष्टि सिंह के चयन को साक्षात्कार बोर्ड ने अनुमति दे दी है। इसके बाद उन्हें नियुक्ति पत्र भेज दिया गया है। JSSPS के LMC के CEO आलोक कुमार ने बताया कि दो नए प्रशिक्षकों के आने से नयी ऊर्जा का संचार होगा, और बाकी बचे पदों पर भी जल्द ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जायेगी।
sportsjharkhand.com ने 23 अक्टूबर को ही अपने पाठकों को बता दिया था कि JSSPS को दो नए कोच मिलने वाले हैं। चौथी बार प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया में स्क्रूटनी के बाद मात्र दो आवेदकों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया था। पता हो कि JSSPS अप्रैल से 7 और अकादमी खोलने जा रहा है और उसके पास अभी तक मात्र दो ही प्रशिक्षक हैं, तीरंदाज़ी और कुश्ती के। दो और प्रशिक्षक मिल जाने के बाद इनकी संख्या चार हो जायेगी। अब JSSPS बाकी बचे खेलों के लिए कम अनुभवी सहायक प्रशिक्षकों की नियुक्ति पर गंभीरता से विचार कर रहा है क्योंकि 4-4 बार आवेदन मंगाने के बावजूद अभी तक मात्र 4 (दो नए को मिलाकर) प्रशिक्षक ही मिले हैं।
सक्षम प्राधिकार से सहमति मिलते ही बाकी बचे पदों पर सहायक कोच की नियुक्ति भी मार्च से पहले कर ली जायेगी।
अलोक कुमार CEO, LMC
ए के मैथ्यू सेना में कार्यरत थे और अच्छे खिलाड़ी के साथ ही कोच की भूमिका भी निभा चुके हैं। वे मूलतः केरल के रहने वाले हैं। 34वें राष्ट्रीय खेलों के समय वे सेना की टीम के साथ रांची में थे। sportsjharkhand.com को मैथयू ने बताया कि छोटे बच्चों के साथ काम करने को लेकर वे काफी उत्साहित हैं।
सृष्टि सिंह 34वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तर प्रदेश की ओर से खेलते हुए ताइक्वांडो में 67 किलोग्राम वर्ग में रजत पदक जीत चुकी हैं। जिस स्टेडियम में खिलाड़ी के रूप में पदक जीता, उसी स्टेडियम में कोच बनने को लेकर सृष्टि काफी उत्साहित हैं। उनका कहना है कि ये मेरे लिए गर्व की बात है।







