रांची
राज्य के कई वरीय मंत्री और दर्जनों आइएएस अधिकारी जो नहीं कर पाए वो सीसीएल के कुछ कनीय अधिकारियों ने चुटकी बजाते ही कर दिया। झारखंड राज्य खेल प्रोमोशन सोसायटी (JSSPS) से जुड़े कुछ कनीय अधिकारियों ने राज्य की मुख्य सचिव सह JSSPS अध्यक्ष सह संरक्षक राजबाला वर्मा को बड़े ही कायदे से किनारे लगा दिया है। मौका था 30 अक्टूबर को होनेवाले खेल अकादमी के राष्ट्र लोकापर्ण समारोह का। समारोह के लिए बनवाए/लगाए गए शिलापट्ट (देखें तस्वीर) में JSSPS के सह संरक्षक और सीएमडी सीसीएल गोपाल सिंह का नाम तो दर्ज है लेकिन अध्यक्ष सह संरक्षक राजबाला वर्मा का नाम गायब है। ऐसा क्यों और किसके इशारे पर किया गया यह जानना ज्यादा कठिन नहीं ? पहचान ही लिया होगा आपने ? बंदर के हाथ में नारियल हो तो या तो वह अपना माथा फोड़ता है या सामनेवाले का ? पता हो कि पिछले दो दिनों से होटवार स्थित गणपत राय इंडोर स्टेडियम में JSSPS द्वारा संचालित खेल अकादमी के राष्ट्र लोकापर्ण समारोह का आयोजन होना था, जो रविवार की शाम अचानक रद कर दिया गया। यह पांचवीं बार है जब लोकापर्ण का कार्यक्रम रद किया गया है।
विशिष्ट अतिथि सांसद -विधायक को कार्यक्रम की कोई जानकारी नहीं
कार्यक्रम के लिए लगाए गए शिलापट्ट में स्थानीय सांसद और विधायक का नाम देख sportsjharkhand.com टीम ने जिज्ञासावश दोनों का पक्ष जानना चाहा। सांसद रामटहल चैधरी और विधायक डाॅ जीतूचरण राम ने इस तरह कार्यक्रम के संदर्भ में किसी भी तरह की जानकारी होने से इनकार किया। दोनों ने कहा कि ये जानकारी आपसे ही मिल रही है। इस संदर्भ में हमसे किसी ने ना तो दूरभाष पर ना ही निजी तौर पर संपर्क किया है। मीडियाकर्मियों को दो दिन से नेवता दिया जा रहा था लेकिन कार्यक्रम के अतिथियों को ही जानकारी ना होना JSSPS के कनीय पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली को दर्शाता है।
मालिक ने एक भी शिलापट्ट नहीं लगवाया, किरायेदार दो-दो लगाने को बेताब
आश्चर्य की बात है लेकिन यह सच है कि 2010-11 में लगभग 600 करोड़ रुपये की लागत से बने होटवार स्थित खेल परिसर के मालिक राज्य सरकार ने एक भी शिलापट्ट नहीं लगवाया। लेकिन किरायेदार JSSPS पिछले एक साल के दौरान लगभग आधा दर्जन बार शिलापट्ट लगाने की योजना बना चुका है वो भी एक जगह नहीं दो-दो जगहों पर। एक गणपत राय स्टेडियम के बाहर और दूसरा स्पोर्ट्स हाॅस्टल के अंदर। शिलापट्ट लगाने के लिए स्टैंड डेढ़ साल से बना पड़ा है, आखिर छपास की बीमारी लाइलाज जो हो चली है !







