| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसाइटी (JSSPS) के कैडेट अंजली उरांव का इलाज के अभाव में निधन हो गया। रविवार की सुबह उल्टी होने के बाद तबियत बिगड़ने पर अंजली को पहले CCL के गांधीनगर अस्पताल में भर्ती कराने का प्रयास हुआ लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही अंजली की सांसें थम गईं। गांधीनगर के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया उसके बाद से RIMS में अंजली का शव अभी पोस्टमार्टम हाउस में पड़ा है। अंजली के परिजन RIMS अस्पताल पहुंच चुके हैं।


कटमनी के चक्कर में इलाज के अभाव में हुई मौत
पिछले एक माह से JSSPS के लगभग चार दर्जन कैडेट्स बीमार चल रहे हैं। पहले कैडेट्स का इलाज CCL के गांधीनगर अस्पताल में होता था और दवाईयां भी गांधीनगर के पास एक दवा दुकान से खरीदी जाती थी। लेकिन JSSPS की एक महिला अधिकारी ने कटमनी के चक्कर में दुकान बदलकर अपर बाजार कर दिया। इससे कैडेट्स को दवा लेने में दिक्कत होने लगी। डॉक्टर को दिखाने के बाद कैडेट्स हॉस्टल लौटते हैं फिर महिला अधिकारी के इच्छानुसार एक वार्डन दवा दुकान जाता है और दवाईयां लाकर कैडेट्स को देता है। इस प्रक्रिया में दो चार दिन लगते हैं और बीमार कैडेट्स ऐसे ही रहते हैं।


बेहतर इलाज कराने के लिए कई कैडेट्स ने ली छुट्टी
कैडेट्स के इलाज में कोताही का परिणाम ये हुआ कि लगभग आधा दर्जन कैडेट्स बेहतर इलाज के लिए अकादमी से छुट्टी लेकर अपने घर चले गए।
लोहरदगा की रहनेवाली थी अंजली
अंजली उरांव लोहरदगा की रहनेवाली थी और एथलेटिक्स की प्रशिक्षु थी। 2018-19 बैच की एथलीट थी।









