| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की वार्षिक आम सभा (AGM) सह सत्र 2025-28 के कमिटी ऑफ मैनेजमेंट के 15 सदस्यों का चुनाव रविवार 18 मई को JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम परिसर में संपन्न होगा। सुबह 8.30 बजे से 9 बजे तक प्रत्याशी मतदान कर सकते हैं जबकि आम सदस्यों के मतदान के लिए सुबह 9 से दोपहर 1 बजे तक का वक्त मुकर्रर है, 2 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू होगी और संभावना है कि शाम 4 बजे तक परिणाम आ जाए। मतदान की प्रक्रिया के दौरान ही 11.30 बजे से AGM होना है। जानकारी मिली है कि ऑडिटेड अकाउंट कंप्लीट नहीं है इसलिए मीटिंग को एडजर्न कर दिया जाएगा।
सबसे खास बात ये है कि चुनावी संचालन की प्रक्रिया में JSCA के किसी भी सदस्य की भूमिका नहीं है। निर्वाचन पदाधिकारी पूर्व निर्वाचन आयुक्त IAS एन एन पांडे ने चुनाव सम्पन्न कराने के लिए राज्य निर्वाचन कार्यालय और जिला प्रशासन से लगभग 70 लोगों की टीम चुनावी प्रक्रिया में लगाई है। शनिवार को निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करानेवाले कर्मियों का प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित हुआ। 2019 में भी तत्कालीन रिटर्निंग अफसर IAS शिव बसंत ने भी मतदान व मतगणना की प्रक्रिया से JSCA के सदस्यों को अलग रखा था लेकिन मतदाताओं के निबंधन प्रक्रिया का जिम्मा कुछ सदस्य ही संभाल रहे थे।
7 बूथों पर होगा मतदान
जानकारी के अनुसार क्रमांक संख्या के अनुसार 7 बूथ बनाए गए हैं। क्रमांक संख्या के हिसाब से मतदाता अपने बूथ पर मतदान करेंगे। मतदान स्थल पर मतदाता को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति के जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी। प्रत्याशी 9 बजे तक मतदान कर बाहर निकल जाएंगे। आम सदस्यों के मतदान के दौरान कोई भी प्रत्याशी मौजूद नहीं रहेगा।
अजय नाथ शाहदेव की नेतृत्व वाली “द टीम” और एसके बेहरा टीम के बीच सीधा मुकाबला
चुनावी मुकाबले में अजय नाथ शाहदेव की अध्यक्षतावाली द टीम और एसके बेहरा टीम के बीच आमने सामने का मुकाबला है। द टीम को निवर्तमान अध्यक्ष का समर्थन प्राप्त है जबकि एसके बेहरा टीम को IG अखिलेश झा और महाधिवक्ता राजीव रंजन का समर्थन प्राप्त है। द टीम की ओर से पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर सौरव तिवारी सचिव और शाहबाज नदीम संयुक्त सचिव के प्रत्याशी हैं जबकि एसके बेहरा टीम की ओर से पिच क्यूरेटर एसबी सिंह सचिव पद और राजकुमार शर्मा संयुक्त सचिव पद पर अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
अपराधियों का नेतृत्व कर रहे हैं एसके बेहरा – अभिषेक चौधरी
चुनावी राजनीति के लिए पिता स्व अमिताभ चौधरी के नाम का उपयोग/दुरुपयोग करने से नाराज़ अभिषेक चौधरी ने मीडियाकर्मियों से कहा कि एसके बेहरा स्वयं डिसेंट आदमी हैं लेकिन वे अपराधियों का नेतृत्व कर रहे हैं। अभिषेक का इशारा रामगढ़ में दर्ज एक FIR की ओर था। इस FIR में टीम एसके बेहरा के तीन प्रत्याशी नामजद हैं।







