| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) अंतरराष्ट्रीय व घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले क्रिकेटरों, प्रशिक्षकों, टीम व अन्य सपोर्ट स्टाफ को पुरस्कृत करने के लिए विशेष तौर पर “अवार्ड्स नाइट” का आयोजन करने जा रहा है। प्रतिवर्ष आयोजित होनेवाले भव्य “अवार्ड्स नाइट” की शुरुआत इस वर्ष अक्टूबर माह में सत्र 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करनेवाले क्रिकेटरों, टीम व सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित करने से होगी। पता हो कि JSCA में अब तक क्रिकेटरों को वार्षिक आम सभा (AGM) के दौरान ही सम्मानित किए जाने की परंपरा रही है लेकिन दो दिन पहले 30 अगस्त 2026 को आयोजित AGM में इस परंपरा को बंद कर दिया गया। अब अवॉर्ड्स नाइट में ही प्रति वर्ष क्रिकेटरों व सपोर्ट स्टाफ को पुरस्कृत किया जाएगा।


“क्रिकेटरों व सपोर्ट स्टाफ को सम्मानित करने के लिए इस वर्ष से JSCA प्रबंधन भव्य अवार्ड्स नाइट का आयोजन करने जा रहा है। अक्टूबर में T20 अंतरराष्ट्रीय मैच के आसपास ही आयोजन करने के प्रयास में प्रबंधन जुटा हुआ है”
सौरभ तिवारी, सचिव, JSCA
विशेष तौर पर बनवाए जा रहे ट्रॉफी और मोमेंटोज
अवार्ड्स नाइट के दौरान बेहतर प्रदर्शन करनेवाले क्रिकेटरों, सपोर्ट स्टाफ, टीम और अतिथियों को सम्मानित करने के लिए JSCA लोगो से युक्त विशेष तौर पर ट्रॉफी और मोमेंटोज बनवाए जा रहे हैं। कैश अवॉर्ड्स के साथ क्रिकेटरों व सपोर्ट स्टाफ को ट्रॉफी दी जाएगी जबकि अतिथियों को JSCA की ब्रांडिंग से युक्त विशेष मोमेंटोज दिए जाने की तैयारी है।


“कमिटी ऑफ मैनेजमेंट में पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटरों के शामिल होने का सकारात्मक प्रभाव JSCA प्रबंधन के निर्णयों में स्पष्ट रूप से दिख रहा है। “Player’s First” कहकर आए थे, वायदा निभा रहे हैं”
अजय नाथ शाहदेव, अध्यक्ष, JSCA







