| रांची टीम sportsjharkhand.com |
34वें राष्ट्रीय खेल घोटाले के बाद अब रांची स्थित JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम निर्माण और उसके बाद हुई वित्तीय अनियमितता को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच शुरू कर दी है। ED ने Enforcement Case Information Report (ECIR) (जिसे आम भाषा में FIR कहते हैं) दर्ज कर मामले की जांच तेज कर दी है। ED ने 8 अक्टूबर को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अध्यक्ष को नोटिस जारी कर दस्तावेजों के साथ गुरुवार, 13 अक्टूबर को पूछताछ के लिए बुलाया था। JSCA अध्यक्ष गुरुवार की दोपहर खुद ED ऑफिस पहुंचे और कुछ दस्तावेज जमा कराया। कुछ अन्य दस्तावेजों के लिए और वक्त मांगा।
ED कैसे पहुंची JSCA के पास
पूर्व रणजी खिलाड़ी उज्ज्वल दास ने 2009 से लेकर 2016 के बीच रांची में स्टेडियम निर्माण के नाम पर लगभग 200 करोड़ रुपए की वित्तीय अनियमितता का आरोप लगा मामला दर्ज कराया था। इसके अलावा प्रतिवर्ष BCCI से मिले अनुदान के दुरुपयोग का भी आरोप लगाया गया था। मामला दर्ज कराने के लिए उज्ज्वल दास को अदालत से आदेश लाना पड़ा, उसके बाद बिस्टुपुर थाने में मामला दर्ज हुआ।
थाने से मामला रफा दफा करने में जांच अधिकारी ने की भारी चूक
उज्ज्वल दास द्वारा नामजद आरोपी बनाए गए एक आरोपी का बयान मामले के जांच पदाधिकारी (IO) ने उस दिन दर्ज दिखाया जिस दिन वो नामजद आरोपी न्यूजीलैंड में BCCI की ड्यूटी पर था। इतनी बड़ी चूक के बावजूद मामले में सभी आरोपियों को क्लीन चिट दे दी गई। इसके खिलाफ वादी अदालत की शरण में गए हैं, जहां मामला विचाराधीन है।
डेलॉइट की ऑडिट रिपोर्ट में भी मिली थी वित्तीय अनियमितता
BCCI के पूर्व अध्यक्ष शशांक मनोहर ने सभी राज्य क्रिकेट संघों की स्पेशल ऑडिट विश्व के सर्वोच्च ऑडिट संस्थानों में से एक डेलॉइट (Deloitte Touche Tohmatsu Limited) से करवाई थी। इस जांच में भी JSCA में लगभग 200 करोड़ रुपए के वित्तीय अनियमितता पाई गई थी। ये रिपोर्ट BCCI के पास है। पता हो कि ED जम्मू कश्मीर क्रिकेट संघ और उसके पूर्व अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला के खिलाफ भी वित्तीय अनियमितता की जांच कर रही है। गोवा क्रिकेट संघ के ज्यादातर पदाधिकारी भ्रष्टाचार के आरोप में लंबे समय तक जेल की हवा खाने के बाद बेल पर हैं और हैदराबाद क्रिकेट संघ में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद अध्यक्ष समेत पूरी कमिटी ही बदल गई।







