| रांची |
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) को 37.80 करोड़ रुपए का एड हॉक एडवांस दिया है। इसके लिए JSCA की ओर से इनवॉइस संख्या JSCA/23-24/013 BCCI को भेजी गई थी। इसी इनवॉइस के आधार पर BCCI की ओर से एड हॉक एडवांस के तौर पर ये रकम 28 जून को JSCA के अकाउंट में भेजी गई है। JSCA के अलावा अन्य 17 राज्य क्रिकेट संघों को भी 37.80 करोड़ रुपए जबकि दो राज्य संघों राजस्थान व तमिलनाडु को 41.30 करोड़ रुपए का एड हॉक एडवांस दिया गया है। विभिन्न गुटों में बंटे JSCA के क्रिकेट प्रशासकों से आशा है कि क्रिकेट के नाम पर मिले इन पैसों में से ज्यादातर रकम झारखंड में क्रिकेट और क्रिकेटरों पर ही खर्च होगा, क्रिकेट से इतर अन्य कार्यों पर नहीं।
लेकिन
कमिटी ऑफ मैनेजमेंट में पैसे लेकर टीम में जगह दिलाने के दो घोषित आरोपी के शामिल होने के बाद इसपर संशय के बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि एक पखवाड़े पहले जिस आरोपी को मैनेजमेंट कमिटी ने क्लीन चिट दी थी, उसके खिलाफ सभी आरोप पुलिसिया जांच के दौरान सही पाए गए हैं। ऐसे में JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट को खतरा बाहर से नहीं बल्कि भीतर से ज्यादा है।


BCCI की तर्ज पर आखिर कब आगे बढ़ेगा JSCA
इतनी बड़ी रकम JSCA को तो मिलती ही रही है लेकिन इसका लाभ JSCA के 23 जिला क्रिकेट संघों (जमशेदपुर लीग का सारा खर्च JSCA वहन करता है) को उस अनुपात में नहीं मिल रहा, जिस अनुपात में मिलना चाहिए। राजधानी रांची समेत डेढ़ दर्जन से ज्यादा जिलों में क्रिकेट अब भी मैट के भरोसे ही चल रहा है। जिला क्रिकेट संघों के पास मैच आयोजन के लिए अपने टर्फ विकेट तक नहीं हैं। आशा की जानी चाहिए कि BCCI से मिले इन पैसों से सभी जिलों में JSCA के अनुदान से टर्फ विकेट बनाकर लीग मैच कराना अनिवार्य किया जाए। इससे खेल और खिलाड़ियों को ज्यादा फायदा होगा।







