sportsjharkhand.com टीम
रांची
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की नई प्रबंधन कमिटी ने पूर्व उपाध्यक्ष प्रवीण सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय मारू, दीपक प्रकाश और सरायकेला-खरसावां ज़िला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष अरविंद सिंह उर्फ मलखान सिंह समेत छह-सात लोगों को JSCA से निकालने की रूपरेखा तय कर दी है। गुरुवार को JSCA स्टेडियम में प्रबंध समिति की बैठक में सभी लोगों को शो-कॉज करने का निर्णय लिया गया। शो-कॉज़ का जवाब देने के लिए 15 दिनों का वक़्त दिए जाने समेत इस विषय पर पूरी कार्रवाई के लिए JSCA के सचिव देवाशीष उर्फ पिंटू दा को अधिकृत कर दिया गया है। sportsjharkhand.com को मिली जानकारी के अनुसार जून-जुलाई में होनेवाली AGM से पहले सभी को JSCA से बाहर करने का फैसला अंतिम रूप से ले लिया गया है।
अमिताभ चौधरी ने दिया था प्रबन्ध समिति को क्लासवर्क ? राजेश वर्मा बॉबी को बनाया बोरो मोनिटर !
प्रबंध समिति की बैठक शुरू होते ही अमिताभ चौधरी पहुंचे और प्रबंध समिति की बैठक का मूल मकसद बताया और वॉक पर चले गए। जाते-जाते अपने शागिर्द पूर्व सचिव राजेश वर्मा को प्रबंध समिति का बोरो मॉनिटर बना गए। बैठक के दौरान मॉनिटर ने पूरे क्लास को क्लासवर्क अच्छी तरह से करवाया। अमिताभ के लौटने से पहले ही प्रबंध समिति ने सभी निर्णयों पर हामी भर दी। बैठक में बोरो मॉनिटर की भूमिका निभा रहे बॉबी और कुछ सदस्यों ने अमिताभ को बताया कि मिशन कम्पलीट।
वारंटी पंकज सिंह भी थे मौजूद
बैठक के दौरान लातेहार जिला क्रिकेट संघ के वारंटी अध्यक्ष पंकज सिंह भी सहयोग मांगने के लिए पहुंचे थे। पता हो कि जिला संघ पर वैध-अवैध कब्जे/चुनाव को लेकर पंकज के खिलाफ वारंट निकला है।
JSCA में शो-कॉज़ के बाद निकालना अवश्यम्भावी !
हाल के दिनों में JSCA के इतिहास को देखें तो मनोज यादव के मामले को अपवाद के रूप में छोड़ दें तो जितने भी लोगों को शो-कॉज़ किया गया है, सभी को निकाला गया है। इस बार भी यही दोहराने की तैयारी है।






