जमशेदपुर टीम sportsjharkhand.com |
राज्य सरकार द्वारा संचालित चंदनकियारी डे बोर्डिंग सेंटर के प्रशिक्षु गोल्डी मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋतु कुमारी के साथ मिलकर इंडियन राउंड के मिश्रित युगल का स्वर्ण पदक जीत लिया है। JRD स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेली जा रही 40वीं सीनियर राष्ट्रीय तीरंदाज़ी प्रतियोगिता के पहले दिन शनिवार को 15 वर्षीय गोल्डी मिश्रा ने 30 मीटर एकल में रजत पदक जीता था। पुरुष टीम इवेंट में भी गोल्डी के पास कांस्य पदक जीतने का मौका था लेकिन मणिपुर के तीरंदाजों ने उम्मीदों पर पानी फेर दिया। टीम इवेंट में गोल्डी के साथ लुथु साय व गुलशन कुमार शामिल थे।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन रविवार को झारखण्ड ने मिश्रित युगल के बाद महिला टीम इवेंट का रजत पदक अपने नाम किया। महिला टीम ने कांटे के मुकाबले में मणिपुर के खिलाफ शानदार शुरुआत करते हुए 4-0 की बढ़त बना ली थी लेकिन मामला 5-5 की बराबरी पर छूट गया। टाई ब्रेकर में झारखंड व मणिपुर दोनों ने 10-10 अंक पर निशाना लगाया लेकिन जीत मणिपुर के खाते में आई। झारखण्ड की महिला टीम में अंकु कुमारी, आश्रिता बिरुली व ऋतु कुमारी शामिल हैं। दिन का तीसरा पदक रजत के रूप में अंकु कुमारी ने जीता। 30 मीटर एकल में उन्हें भी फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। झारखण्ड की महिला टीम में अंकु कुमारी, आश्रिता बिरुली व ऋतु कुमारी शामिल हैं।
झारखण्ड के तीरंदाजों ने इंडियन राउंड में दांव पर लगे 9 इवेंट में से 5 इवेंट में दो स्वर्ण व तीन रजत पदक जीते।
अंकु कुमारी, ऋतु कुमारी व आश्रिता बिरुली ने झटके दो-दो पदक
ऋतु कुमारी ने मिश्रित युगल का स्वर्ण व महिला टीम का रजत पदक जीता जबकि आश्रिता बिरुली ने 50 मीटर एकल का स्वर्ण व महिला टीम का रजत पदक अपने नाम किया। वहीं अंकु कुमारी ने 30 मीटर एकल का रजत पदक व महिला टीम का रजत पदक अपने नाम किया। |
सोमवार को विश्राम के बाद मंगलवार व बुधवार को कंपाउंड इवेंट के मुकाबले खेले जाएंगे।