| रांची-जमशेदपुर टीम sportsjharkhand.com |
पूर्णिमा महतो जी एक सच को छुपाने के लिए कितना झूठ बोलियेगा ? दस्तावेजों पर लिखे गए आपके एक-एक शब्द ये बताने को काफी हैं कि आपने अपने चहेते “अर्जुनों” को टीम में जगह दिलाने के लिए “एकलव्यों” के “अंगूठे कटवाने” की साज़िश रची थी। शुक्रवार को sportsjharkhand.com ने आपसे 5 सवाल पूछे थे ? जवाब अब तक नहीं मिला है लेकिन शनिवार को समाचार पत्रों में पूर्णिमा जी आपका बयान छपा है कि
“एसोसिएशन को ये अधिकार है कि वो किसी भी खिलाड़ी को इवेंट के पहले बदल सकता है। जिसका प्रदर्शन बेहतर होगा, उसको टीम में शामिल किया जाएगा”


चलिए मान लिया कि यह अधिकार है तो यह बताइए कि
20 सितंबर को आपके द्वारा टीम की घोषणा से जुड़े दो पत्रों में से कौन सा पत्र सही है ?
और अगर ये दोनों पत्र में से कोई भी एक या दोनों ही सही हैं तो फिर आपने 29 सितंबर को जमशेदपुर में कंपाउंड इवेंट के महिला व पुरुष टीम में चौथे खिलाड़ी के चयन के लिए ट्रायल कराने संबंधी पत्र 28 सितंबर को क्यों लिखा। (पत्र देखें) ⇓


आपका ये पत्र 20 को जारी दोनों पत्रों को झूठा बताता है। इसके बावजूद आपने अपने विशेषाधिकार का प्रयोग करते हुए 28 को ये घोषणा की कि 29 को ट्रायल होगा। सही है, तो
फिर 29 सितंबर को ट्रायल हुआ या नहीं ?
अगर हां तो
ट्रायल का क्या परिणाम रहा ? और परिणाम के आधार पर झारखण्ड टीम की घोषणा कब हुई ?
अगर ट्रायल नहीं हुआ हो तो
दोबारा ट्रायल कराना के पीछे आपकी व संघ की मंशा क्या थी ?
28 सितंबर को आपने जो पत्र लिखा है, उसके अनुसार
The scores are checked by our side for Sehansa Biruli so we decided to reconduct the match.
मतलब
“संघ की ओर से शहंशाह बिरुली का स्कोर चेक किया गया और हमने ये तय किया कि मैच दोबारा होगा”
लेकिन पूर्णिमा जी सिल्ली में आयोजित कंपाउंड के ट्रायल में तो शहंशाह बिरुली अनुपस्थिति रहे (देखें तस्वीर) ⇓


फिर ट्रायल में अनुपस्थित रहने वाले शहंशाह बिरुली का कौन सा और कैसा स्कोर आपने और आपकी टीम ने चेक किया ?
आपको पता हो कि कंपाउंड के पुरुष वर्ग में कुल 27 खिलाड़ियों ने भाग लेने के लिए निबंधन कराया था। पलटन हंसदा, शहंशाह बिरूली, पंकज धारवे, राजू हुई, अमन मुर्मू और अरविंद टूडू अनुपस्थित रहे। इसमें सिर्फ और सिर्फ शहंशाह बीरूली को आपने ट्रायल के लिए सीधे कैसे उतार दिया ? बाकी 5 अनुपस्थित खिलाड़ियों को ये मौका क्यों नहीं मिला ? अनुपस्थित रहने वाले शहंशाह को तो आपने सोनू कुमार महतो के साथ ट्रायल में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया लेकिन ट्रायल में सोनू के बराबर 676 अंक प्राप्त करनेवाले अनुज कुमार गुप्ता को क्यों आमंत्रित नहीं किया ? पता हो कि अनुज ने 34 X लगाए थे और सोनू ने 37 X. लेकिन शहंशाह की अनुपस्थिति ही उसका X फैक्टर था ? सही कह रहा हूँ न पूर्णिमा जी !
इसी पत्र के एक हिस्से में पूर्णिमा जी आपने लिखा है
Pramila Bhumij is providing NOC in behalf of this trial.
मतलब 16 सितंबर को जो ट्रायल हुआ था उसमें बगैर NOC के ही प्रमिला भूमिज शामिल हो गई थीं ? पूर्णिमा जी आपने प्रमिला व ज्योति कुमारी के बीच ट्रायल कराने का फरमान जारी किया था 28 को। जबकि 20 सितंबर को आपके द्वारा ही जारी दो-दो टीम में ज्योति का नांम तक नहीं था, ऐसा क्यों ?
जबकि ट्रायल के परिणाम बता रहे हैं कि अंकिता कुमारी व ज्योति दोनों ने 663 अंक बटोरे थे। X मार्क्स का जिक्र नहीं है। (देखें तस्वीर) ⇓


पूर्णिमा जी झारखण्ड तीरंदाजी संघ अपने सारे तीरंदाजों को समान अवसर प्रदान क्यों नहीं करता है। चहेते खिलाड़ियों को टीम में जगह दिलाने के नाम पर प्रतिभावान खिलाड़ियों की मनोदशा के साथ खेलने की ये परंपरा खत्म होनी चाहिए। द्रोणाचार्य पुरस्कार मिलने का अर्थ ये नहीं होना चाहिए कि आप द्रोणाचार्य की ही भांति अपने “चहेते अर्जुनों” के लिए “एकलव्यों का अंगूठा” कटवाते रहे !
पूर्णिमा जी मुझे विश्वास है कि आप संघ की “रबर स्टाम्प” नहीं होंगी और आपको अंग्रेज़ी की भी अच्छी समझ होगी लेकिन इन सबके बावजूद आपके द्वारा लिखे गए पत्रों में इतना विरोधाभास क्यों है ? एक पत्र दूसरे पत्र की चुगली करता हुआ क्यों प्रतीत हो रहा है ? क्या ये बेहतर नहीं होता कि गलतियां स्वीकार कर आगे ऐसी गलती न दोहराने का संकल्प ले लिया जाए।
सभी प्रश्नों पर आपके जवाब की प्रतीक्षा में टीम sportsjharkhand.com







