| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
रांची में आयोजित महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2023 में भारतीय महिला हॉकी टीम दमदार प्रदर्शन के साथ आगे बढ़ रही है। इस चैंपियंस ट्रॉफी में भारतीय टीम एक भी मैच नहीं हारी। अब तक इस प्रतियोगिता के लीग चरण के कुल 12 प्रतिस्पर्धा हो चुकी है। भारत ने कुल चार लीग मैच खेले और चारों में जीत हासिल की। भारत ने जापान को 2-1 से इस मुकाबले में हराया।


मेजबान टीम ने 2-1 की बढ़त को बरकरार रखते हुए अपनी लगातार चौथी जीत दर्ज कर ली। भारतीय टीम चार मैचों में 12 अंकों के साथ छह टीमों की अंकतालिका में नंबर वन पर है। जापान की चार मैचों में यह पहली हार है और वो दूसरे नंबर पर है।
प्लेयर ऑफ़ द मैच
नवनीत कौर
लीग परिणाम
अब तक भारत ने 4 मुकाबला खेला, चारों में जीत दर्ज की।
जापान ने अब तक 4 मुकाबला खेला , 3 में जीत एक में हार।


वंदना कटारिया का 300वां मैच
वंदना कटारिया ने अपना यह 300वां हॉकी अंतरराष्ट्रीय मैच खेला, वंदना भारत की पहली अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ी हैं, जिनके नाम यह उपलब्धि है। मौके पर मौजूद राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबुलाल मरांडी,कृषि मंत्री बादल पत्रलेख, स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने उन्हें सम्मानित किया। इस दौरान वंदना ने कहा कि देश के लिए खेलना गर्व की बात है , ये तमाम मैच देश के नाम।


मिनट टू मिनट….
भारत ने पहले हाफ के पहले क्वाटर से ही अक्रामक खेल खेला, भारत और जापान दोनों टीमें पहले हाफ के समाप्ति तक गोल के लिए संघर्ष करती नजर आई। इस दौरान
दोनो टीमों को दो-दो पेनाल्टी कॉर्नर भी मिले, लेकिन दोनों टीमें गोल करने में असफल रही। लेकिन दूसरा हाफ शुरू होते ही 31वें मिनट में भारत ने पहला फील्ड गोल दाग 1-0 से जापान पर बढ़त बना लिया। यह गोल नवनीत कौर की स्टिक से हुई। 37वें मिनट में जापान वापसी करते हुए स्कोर 1-1 पर ला खड़ा कर दिया। मैच के 37वें मिनट में उराता काना ने पेनाल्टी कॉर्नर के मौके को भुनाते हुए यह गोल किया। भारत ने जबरदस्त वापसी करते हुए मिले पेनाल्टी कर्नर के जरिये गोल किया। गोल 47वें मिनट में संगीता ने दागा। भारत ने इस मैच को 2-1 से जीत लिया।


पेनाल्टी कॉर्नर
भारत- 6
जापान-3


पास के लिए मारामारी, खास लोग अपने चहिते को पास दिलाने के लिए आयोजकों के सामने गिड़गिड़ाते नजर आएं….
बताते चलें कि प्रत्येक दिन स्टेडियम में भारतीय टीम का मैच देखने के लिए भारी संख्या में दर्शकों की भीड़ उमड़ रही है। टूर्नामेंट के चौथे दिन तो स्टेडियम में पैर रखने तक कि जगह नही बची। स्टेडियम खचाखच दर्शकों से भर गई थी। सैकड़ो लोगों को वापस लौटना पड़ा, इसकी बानगी स्टेडियम के बाहर देखने को मिली। जब लोग-आपस मे ही स्टेडियम के अंदर प्रवेश करने के लिए धक्का-मुक्की करते नजर आएं। निःशुल्क एंट्री के बावजूद पास के लिए लोग मारामारी करते भी दिखे। कुछ खास लोग अपने चहिते लोगों को पास दिलाने के लिए एड़ी- चोटी एक करते भी दिखे। जापान के साथ हुए इस मुकाबले में भी भरपूर समर्थन भारत को रांची में मिला।









