| रांची टीम sportsjharkhand.com |
अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक संघ (IOC) ने भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) को ओलंपिक चार्टर व IOC द्वारा मान्यता प्राप्त संविधान के अंतर्गत जल्द से जल्द चुनाव कराने को कहा है। अगर चुनाव जल्द नहीं हुए तो IOC ने साफ कर दिया है कि मान्यता रद्द कर दी जाएगी। इससे जुड़ा एक पत्र IOC की ओर से IOA के पदाधिकारियों को प्रेषित पत्र भेजा गया है। पत्र में इस बात का जिक्र है कि चुनाव दिसंबर 2021 में होने थे लेकिन अब तक चुनाव नहीं हो पाया है। अगले कुछ सप्ताह में सारी औपचारिकताओं को पूरा करते हुए चुनाव कराए जाएं। इस पत्र के बाद IOA के विभिन्न धड़ों में सुगबुगाहट शुरू हो गई है। अगर IOA की मान्यता खत्म हो गई तो IOC द्वारा मान्यता प्राप्त प्रतियोगिता के आयोजनों में भारतीय खिलाड़ी तिरंगे की बजाय IOC के फ्लैग के तहत खेलते हुए नजर आएंगे। इस पत्र पर IOA के पदाधिकारियों से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन किसी का पक्ष नहीं मिल पाया।
देर से जागा IOC
IOC की नींद थोड़ी देर से टूटी है। चुनाव जब दिसंबर 2021 में ही होने थे तो पत्र जुलाई 2022 में क्यों लिखा गया ? क्या IOA की खिसियाई हुई बिल्ली के इशारे पर ये पत्र लिखा गया है ? पता हो कि बिन बुलाए मेहमानों के आने से खिसियाई बिल्ली ने अचानक ही अपने सारे नाखून स्वयं काट डाले थे, तभी से आशंका थी कि कुछ तो नोचेगी ? अब ये पत्र सामने आया है।


2012 में IOC IOA की मान्यता रद्द कर चुका है
2012 में सरकार के हस्तक्षेप व दागी पदाधिकारियों के चयन से नाराज़ हो IOC ने IOA की मान्यता रद्द कर दी थी। इसके कई माह बाद IOC ने नए IOA के नए संविधान को मान्यता दी थी फिर दागियों को बाहर करते हुए चुनाव हुए थे।
इस बार सरकार नहीं अदालत में फंसा है मामला
2012 व 2022 की परिस्थितियों में एक अंतर है। 2012 में मामला सरकार व दागियों के कारण फंसा था जबकि इस बार मामला अदालती पेंच में फंसा हुआ है। IOA के लिए इस पेंच से निकलना मुश्किल तो होगा लेकिन असंभव नहीं।







