| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) अपने “कुकर्मों” और अकर्मण्यता की वजह से एक बार फिर से चर्चा का विषय बना हुआ है। ताजा मामला 22 जुलाई को कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) द्वारा बोकारो मामले पर जांचोपरांत लिए गए निर्णयों के विपरीत जाकर काम करने से जुड़ा है। CoM की मीटिंग में फैसला लिया गया कि बोकारो जिला क्रिकेट संघ (BDCA) में वित्तीय और प्रशासनिक घपले घोटाले के आरोप में राजेश्वर सिंह (BCCI लेवल 1 अंपायर) और संजय पांडे (लेवल B कोच) को क्रिकेट से किसी भी तरह के क्रियाकलापों से दूर रखा जाएगा और BDCA में भी किसी तरह की भूमिका से 5 साल के लिए दूर रखा जाएगा। इस निर्णय के बाद संजय पांडे उत्तराखंड में जूनियर टीम के कोच की भूमिका निभा रहे हैं और राजेश्वर सिंह JSCA द्वारा जमशेदपुर में आयोजित अंपायर्स क्लिनिक का हिस्सा बन JSCA की हॉस्पिटैलिटी का मजा लूटते हुए देखे गए। ऐसे में अब ये सवाल पूछना लाजिमी हो गया है कि क्या अब JSCA मतलब Jजहां Sसब Cचोर Aएक हैं, हो गया है ? अगर हां तो JSCA के स्वयंभू कर्णधारों और “नामांकित कर्णधारों” को चुल्लू भर पानी में डूब मरना चाहिए। अगर ऐसा नहीं है तो “चोरों” को बचाने वाले “मौसेरे भाईयों” को चिन्हित कर कार्रवाई करनी चाहिए लेकिन अपने-अपने हिस्से की बोटी के लालच में पड़े “पालतू” शायद ही ऐसा कर पाएं !?
जांच समिति के रिपोर्ट के आधार पर हुई थी कार्रवाई
दरअसल बोकारो में पैसा लेकर टीम में जगह दिलाने समेत कई वित्तीय घोटाले सामने आने के बाद JSCA ने राजीव सिंह की अध्यक्षता में गठित एक तीन सदस्यीय जांच समिति की अनुशंसा के बाद CoM की बैठक में सर्वसम्मति से ये निर्णय लिया था।
CoM की मिनट्स में भी है झोल
CoM की बैठक के बाद जो मिनट्स जारी किए गए है उसको देखने से लगता है की कुछ गलतियां जानबूझकर की गई हैं
एजेंडा नंबर 8 के रिलेवेंट पार्ट में लिखा है
“…….Shri Rajeshwar Singh and Shri Sanjay Pandey would be banned from having any role in any cricketing activities or from any role in the Bokaro District Cricket Association for the next five Years.
(देखें मिनट्स का एजेंडा नंबर 8)


मतलब राजेश्वर सिंह और संजय पांडे को भविष्य में क्रिकेट की गतिविधियों से दूर रखा जाएगा या BDCA में भी किसी तरह की भूमिका से 5 साल के लिए दूर रखा जाएगा। बैठक में मौजूद दो सदस्यों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि निर्णय तो यही हुआ था की दोनों को 5 साल के लिए सभी तरह की क्रिकेट एक्टिविटीज से बैन किया जाएगा। पता नहीं मिनट्स में ऐसा भ्रामक शब्द क्यों लिखे गए हैं। अंग्रेजी के or और हिंदी के “और” का इससे बड़ा खेल शायद ही दिखा हो। दोनों स्थितियों में अर्थ कुछ भी निकले CoM ने कार्रवाई कर दी थी तो उसे लागू करना चाहिए था।
JSCA में पैसे की चोरी, उम्र की चोरी के बाद अब कार्रवाई की चोरी हो गई !
JSCA में संसाधनों के नाम पर रुपए की चोरी का मामला न्यायालय में है, उम्र चोरी का मामला BCCI के पास है, वर्षों से “सदस्यता” की चोरी जारी है और अब इस बार JSCA में कार्रवाई की ही चोरी हो गई है।







