sportsjharkhand.com टीम
रांची
झारखंड ओलंपिक संघ (JOA) 2001 में अपने स्थापना के बाद से संभवतः पहली बार स्वतंत्र व निष्पक्ष चुनाव की ओर कदम बढ़ा रहा है लेकिन 16 वर्षों में त्रिमूर्तियों (आप को दिक्कत नही होगी पहचानने में) द्वारा स्थापित/प्रतिस्थापित किये गए सांगठनिक कोढ़ की अद्वितीय कला उनका पीछा ही नही छोड़ रही। इसी सांगठनिक कोढ़ की कला की बदौलत JOA द्वारा जारी सूची में 73वें नंबर पर जो शख्स कोडरमा ज़िला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष के रूप में मौजूद है वो यूपी ताईक्वांडो संघ का अध्यक्ष भी है। आपको सहसा विश्वास ना हो लेकिन ये सोलह आने सच है और उस शख्स का नाम है अशोक कुमार। वही अशोक जो पारिवारिक ज़िम्मेवारियों को पूरा करने के लिए कोडरमा में एक मेडिकल की दुकान भी चलाते हैं।
ये कारनामा करनेवाले अशोक कुमार अकेले नही हैं उनका साथ दे रहे हैं ताईक्वांडो फेडरेशन ऑफ इंडिया (TFI) के महासचिव और महिला खिलाड़ियों से छात्रवृत्ति राशि में 50 प्रतिशत कमीशन मांगने के लिए कुख्यात प्रभात कुमार शर्मा के अनुज सुमीर कुमार शर्मा। सुमीर राजस्थान ताईक्वांडो संघ के उपाध्यक्ष की हैसियत से TFI के चुनाव में कई पदों के लिए नामांकन भी दाखिल कर चुके हैं। और अब JOA द्वारा जारी वोटरों की लिस्ट में सुमीर कुमार शर्मा 44वें नंबर पर विद्यमान हैं। सुमीर अपने अग्रज प्रभात के साथ झारखंड ताईक्वांडो संघ की ओर से चुनाव में वोट डालेंगे। आम तौर पर JOA के चुनाव में ताईक्वांडो की ओर से प्रभात शर्मा और संजय शर्मा ही व्यस्त रहते थे लेकिन महिला खिलाड़ियों से यौन शोषण के आरोप में संजय जेल की हवा खा रहे हैं इसलिए धनबाद में रहनेवाले सुमीर को राजस्थान से रांची बुलाना पड़ा।
कौन है शांति स्वरूप ?
34वें राष्ट्रीय खेलों के दौरान लिफ्ट में हुई बदतमीज़ी के बाद NGOC के कार्यकारी अध्यक्ष आरके आनंद के साथ सादे ड्रेस में कुछ बाउंसर्स होते थे। खेल पत्रकारिता करनेवाले मित्रों को याद होगा ? उन्ही में से एक हुआ करते थे शांति स्वरूप ! हरियाणा-दिल्ली के रहनेवाले शांति स्वरूप को उनके सुकर्मों का फल मिला और वे 2013-17 सत्र के लिए झारखंड ओलंपिक संघ के उपाध्यक्ष बनाये गए, साथ ही वे झारखंड नेटबॉल संघ के अध्यक्ष भी हैं। और पूरी संभावना है कि इस बार भी वे JOA के पदाधिकारी ज़रूर बनाये जाएं। दिल्ली में रहनेवाले शांति स्वरूप के बारे में sportsjharkhand.com टीम को जानकारी मिली है कि वे इस समय कांग्रेस के दक्षिणी दिल्ली ज़िलाध्यक्ष हैं। वे अपनी एक कंपनी चलाते हैं जो पारा मिलिट्री जवानों के लिए वर्दी बनाती है साथ में एक NGO भी चलाते हैं। JOA में शांति स्वरूप कि उपस्थिति भइया भये कोतवाल तो डर काहे का को प्रतिबिंबित करने को काफी है।
किसके शह पर हो रहा है ये सब ?
पद की माया ही ऐसी है कि जाने अनजाने आपसे गलतियां हो ही जाती हैं। पूरे प्रकरण तीन कोण हैं, ताईक्वांडो-JOA-चुनाव। आप गणित के Set-Theory में Intersection (हर जगह उपस्थित)की theory से पता लगा सकते हैं कि किसके शह पर ऐसा हो रहा है। बड़ा आसान है जिसकी मौजूदगी तीनों जगहों पर है, उसी की शह पर फल-फूल रहा है राजस्थान तो रांची और यूपी तो कोडरमा का चंगा धंधा। नही समझे तो इंतज़ार कीजिये ?
क्या कहता है नियम ?
IOA के नियम XXVIII (b) के अनुसार झारखंड में रहनेवाले खेल प्रशासकों को ही JOA का सदस्य बनाया जा सकता है। यही नियम यूपी और राजस्थान के लिए भी लागू होता है। ऐसी परिस्थितियों में झारखंड के रहनेवाले सुमीर शर्मा और अशोक कुमार क्रमशः राजस्थान और यूपी में कैसे मेंबर बन गए। एक ही आदमी एक ही समय पर दो राज्यों का प्रतिनिधित्व कैसे कर सकता है ?







