| रांची |
दस्तावेजों की जुबानी, JSCA के अकर्मण्यों की कहानी – भाग 1
अयोग्य व्यक्ति जब किसी प्रतिष्ठित संस्था के शीर्ष पर पहुंच जाता है तो वो अपनी अयोग्यता की मुनादी समय-समय पर अपने कर्मों-कुकर्मों से करता रहता है। झारखंड में ऐसे दर्जनों उदाहरण भरे पड़े हैं, उनमें से एक झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) से जुड़ा हुआ है। सर्वोच्च न्यायालय, लोधा कमिटी की सिफारिशों और CoA के निर्देशों के बाद 2019 में JSCA के “बॉस” अमिताभ चौधरी (अब स्वर्गीय) की ताबड़तोड़ तेल मालिश (TTML) के बाद “मौनमोहन” संजय सहाय सचिव बने और 2022 में प्रमोट कर अध्यक्ष बनाए गए। “दस्तावेजों की जुबानी, JSCA के अकर्मण्यों की कहानी” के पहले भाग में संजय सहाय की अकर्मण्यता की कहानी
JSCA अध्यक्ष संजय सहाय की अध्यक्षता में 4 दिसंबर 2024 को कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल 24 निर्णय लिए गए और इनमें सबसे खास निर्णय 9वें नंबर पर लिया गया है। मिनट्स के पहले पन्ने पर दर्ज है कि
9. President’s suggestion that a team led by Vice President and Honorary Joint Secretary should visit BCCI, meets Sri #@₹ &§π¢ and inform him in person that his request for inclusion of a player for Under-23 trials was acceded to. The team may further impress upon Shri ##@₹ &§π¢ for awarding IPL matches to JSCA.
मिनट्स के अनुसार JSCA अध्यक्ष ने सुझाव दिया कि उपाध्यक्ष और मानद संयुक्त सचिव के नेतृत्व में एक टीम BCCI का दौरा करे, श्री #@₹ &§π¢ से मुलाकात करे और उन्हें व्यक्तिगत रूप से सूचित करे कि अंडर-23 ट्रायल के लिए एक खिलाड़ी को शामिल करने का उनका अनुरोध स्वीकार कर लिया गया है। टीम श्री #@₹ &§π¢ पर JSCA को IPL मैच आवंटित करने के लिए आग्रह/प्रभावित भी करे।


मिनट्स में दर्ज इन शब्दों के अनुसार BCCI के तत्कालीन पदाधिकारी ने किसी खिलाड़ी को झारखंड U-23 टीम के ट्राॅयल में जगह देने का आग्रह किया था। JSCA ने उस आग्रह को मानते हुए उस खिलाड़ी को ट्राॅयल में शामिल कर लिया था और इसी बात को बताने के लिए अध्यक्ष संजय सहाय ने JSCA उपाध्यक्ष डॉ नरेंद्र सिन्हा और संयुक्त सचिव पी एन सिंह को BCCI जाकर अकेले में #₹@ &§π¢ को ये बात बताने का निर्णय लिया।
ये हम नहीं कह रहे बल्कि JSCA के CoM के मिनट्स कह रहे हैं। (ऊपर तस्वीर में देखें मिनट्स का 9वां निर्णय)
इस दौरान JSCA ने एक औसत खिलाड़ी को U-23 टीम में किया था शामिल
स्पोर्ट्सझारखंड ने 4 दिसंबर की CoM की मीटिंग से पहले और बाद में झारखंड की U-23 टीम की कुंडली खंगाली तो पता चला कि एक औसत दर्जे का प्रदर्शन करनेवाले खिलाड़ी को आउट ऑफ वे जाकर टीम में जगह दी गई। झारखंड के पड़ोसी राज्य में रहने व खेलनेवाले इस खिलाड़ी को न सिर्फ ट्राॅयल में जगह दी गई बल्कि कर्नल सीके नायडू ट्राॅफी के आखिरी मुकाबले में अध्यक्ष के निर्देश पर प्लेइंग 11 में भी शामिल किया गया। उस खिलाड़ी ने मिले मौके का फायदा उठाते हुए अर्धशतक भी जमाया था।
क्या अपना भोकाल टाइट करने के लिए संजय सहाय ने BCCI पदाधिकारी के नाम का गलत इस्तेमाल किया ?
क्षण भर के लिए अगर ये मान भी लिया जाए कि BCCI के पदाधिकारी ने किसी खिलाड़ी विशेष के लिए आग्रह किया भी तो क्या ये बात CoM की मिनट्स का हिस्सा बनाई जा सकती थी ? JSCA की तत्कालीन परिस्थितियां बताती हैं कि अध्यक्ष संजय सहाय ने अपनी स्थिति को मजबूत दिखाने के लिए CoM के मिनट्स में BCCI पदाधिकारी के नाम का जानबूझकर इस्तेमाल किया या कराया। वे दर्शाना चाहते थे कि उनकी पहुंच ऊपर तक है। ये सत्य है कि ये तब की बात है जब अध्यक्ष और तत्कालीन सचिव में गहरे मतभेद थे, इतने गहरे कि मारपीट छोड़कर सब कुछ हो चुका था। सचिव के साथ CoM के ज्यादातर सदस्यों का बहुमत था और अध्यक्ष बैठक के दौरान कई बार मुंह की खा चुके थे और अपनी भद्द सार्वजनिक तौर पर पिटवा चुके थे। ऐसे में सचिव की अनुपस्थिति में उन्हें एक मौका मिला और उन्होंने भोकाल बनाने के चक्कर में अपनी अकर्मण्यता सावर्जनिक कर दी। RDCA के अध्यक्ष सह मुख्य सचिव अविनाश कुमार जी बचकर रहिएगा ! बहुत ही अयोग्य लोग आपके सलाहकार बन बैठे हैं।
पिछले 5 दिनों से मिनट्स बदलवाने के लिए छल-प्रपंच में जुटे संजय सहाय
पिछले 5 दिनों से संजय सहाय छल-प्रपंच के जरिए पुराने CoM के मिनट्स बदलवाने में अपनी ऊर्जा खपा रहे हैं। स्पोर्ट्सझारखंड ने वर्तमान व तत्कालीन CoM के वरीय सदस्यों को संजय सहाय की गलत मंशा के बारे में सूचित कर दिया है। दरअसल JSCA के CoM के मिनट्स के सिर्फ और सिर्फ आखिरी पन्ने पर सचिव या संयुक्त सचिव के हस्ताक्षर होते हैं। एक से ज्यादा पन्ने की मिनट्स हो तो आखिरी पन्ने को छोड़ अन्य पन्नों पर हस्ताक्षर की कौन कहे इनीशियल तक नहीं किए जाते हैं। इसी का लाभ उठाकर संजय सहाय कई मिनट्स को बदलवाने की जुगत भिड़ा रहे हैं।
कौन हैं संजय सहाय ?
झारखंड की क्रिकेट फर्टिनिटी में संजय सहाय की शुरुआती पहचान यही थी कि वे JSCA के पूर्व आजीवन सदस्य सह रांची जिला क्रिकेट संघ (RDCA) के दो दशक तक सचिव रहे सुनील कुमार सिंह के अभिन्न मित्र हैं। सुनील सिंह ने 2004 में संजय सहाय को JSCA का आजीवन सदस्य बनवाया। जब 2013 में सुनील सिंह ने चुनाव लड़ने का निर्णय लिया तब संजय सहाय मित्र सुनील सिंह का साथ छोड़ “टकला” (अमिताभ चौधरी को संजय सहाय 2013 तक इसी नाम से बुलाते थे) ग्रुप में शामिल हो गए। संजय सहाय TTML (ताबड़तोड़ तेल मालिश) के अद्भुत खिलाड़ी थे और ऐसे खिलाड़ी अमिताभ चौधरी की पहली पसंद होते थे, सो पुरस्कार मिलना तय था। सुनील सिंह को नीचा दिखाने के लिए संजय सहाय को 2016 में पहली बार JSCA के CoM का कमिटी मेंबर बनाया गया फिर TTML की लगातार और शानदार पारी की बदौलत संजय 2019 में सचिव और 2022 में अध्यक्ष बनाए गए।
बैठक में JSCA के 13 पदाधिकारी हुए थे शामिल
4 दिसंबर 2024 की दोपहर 3 बजे हुई बैठक की अध्यक्षता संजय सहाय ने की थी। बैठक में दो इन्वाइटी समेत कुल 13 लोग शामिल हुए थे। सचिव देवाशीष चक्रवर्ती अनुपस्थित रहे जबकि उपाध्यक्ष डाॅ नरेन्द्र सिन्हा, संयुक्त सचिव पीएन सिंह, कमिटी मेंबर मनोज कुमार सिंह, मोहम्मद वसीम व मिहिर प्रीतीश टोप्पनो, जिला रिप्रेजेंटेटिव बिनय कुमार सिंह, बिजय कुमार पुरी, अवधेश कश्यप व युगेश कुमार सिंह, ICA रिप्रजेंटेटिव शाहिद आरफी और इन्वाइटी के तौर पर CEO एके सिंह व चंचल दत्ता गुप्ता की मौजूदगी रही। (देखें तस्वीर का ऊपरी भाग)
सवालों पर संजय सहाय ने थामी चुप्पी
स्पोर्ट्सझारखंड ने तत्कालीन अध्यक्ष संजय सहाय, मिनट्स जारी करनेवाले तत्कालीन संयुक्त सचिव पीएन सिंह और सचिव देवाशीष चक्रवर्ती उर्फ पिंटू दा से लिखित रूप से सवाल पूछ जवाब मांगा गया था। खबर लिखे जाने तक किसी भी प्रकार का जवाब नहीं मिल पाया है।
_________________________________
सोमवार को दस्तावेजों की जुबानी, JSCA के अकर्मण्यों की कहानी – भाग 2 में पढ़िए
संजय सहाय, CoM की मिनट्स ऑफ मीटिंग और “Fill in the Blanks” का पूरा खेल







