| रांची |
जूनियर बालिका फुटबॉल में झारखंड की प्रतिभा को सम्मान देते हुए भारतीय फुटबॉल महासंघ (AIFF) द्वारा रांची में भारतीय U 15 बालिका फुटबॉल टीम का चयन ट्रॉयल आगामी 26 व 27 अप्रैल को आयोजित किया जा रहा है। पहली जनवरी 2010 से 31 दिसंबर 2011 के बीच जन्मी झारखंड की बालिकाएं इस ट्रॉयल में हिस्सा लेकर अपने सपनों को एक नई उड़ान दे सकती हैं। AIFF द्वारा नामित प्रशिक्षकों व चयनकर्ताओं की टीम ट्रॉयल लेगी। ट्रॉयल में भाग लेनेवाले खिलाड़ियों को सरकारी कार्यालयों द्वारा जारी जन्म प्रणाम पत्र, आधार कार्ड (मूल और छायाप्रति भी) और अपनी हाल की तस्वीर लाना अनिवार्य होगा। चयनित खिलाड़ियों को प्रशिक्षण कैंप में रखा जाएगा और प्रदर्शन के आधार पर अंतिम रूप से टीम का चयन होगा। रांची में ट्रॉयल कहां होगा इसकी घोषणा एक दो दिनों में कर दी जाएगी। मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में 3 से 5 मई तक सैफ एथलेटिक्स होने के कारण संभव नहीं है, ऐसे में प्रबल संभावना है कि ट्रॉयल मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित मुख्य फुटबॉल स्टेडियम में ही होगा।







