| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
13 जनवरी से 19 जनवरी तक रांची में हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 का आयोजन किया जाएगा। इस प्रतिस्पर्धा में हिस्सा लेने के लिए भारतीय टीम रांची पहुंच चुकी है। लगातार तीसरी बार ओलंपिक में स्थान बनाने के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 में हिस्सा लेगी। अनुभवी गोल कीपर सविता के नेतृत्व में भारतीय टीम इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही है। 13 जनवरी 2024 को संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ अपना अभियान शुरू करेगी।
फॉरवर्ड वंदना कटारिया चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर
अनुभवी फॉरवर्ड वंदना कटारिया चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गई हैं, बलजीत कौर उनका स्थान लेगी। रांची पहुंचने पर, कप्तान सविता ने कहा हम सभी महत्वपूर्ण एफआईएच हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 के लिए रांची में वापस आने के लिए उत्साहित हैं। पिछली बार जब हम महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए यहां थे, तो घरेलू दर्शकों ने हमारा बहुत समर्थन किया था और हमे यहां खेलने का भरपूर आनंद लिया। हम अपना अभियान शुरू करने के लिए उत्सुक हैं और दिलचस्प बात यह है कि हमारा पहला मैच यूएसए के खिलाफ है। जिसके साथ हमने पिछला ओलंपिक क्वालीफायर खेला था। मुझे यकीन है कि यह एक रोमांचक शुरुआती मैच होगा और हम अपने अभियान की अच्छी शुरुआत की उम्मीद कर रहे हैं।
पूल बी में भारतीय टीम
पूल बी में रखी गई भारतीय टीम 14 जनवरी को न्यूजीलैंड से भिड़ेगी और 16 जनवरी को इटली के खिलाफ खेलेगी जबकि नॉकआउट मैच क्रमशः 18 और 19 जनवरी को होंगे। मैदान में अन्य टीमों में पूल ए में ओलंपिक रजत पदक विजेता जर्मनी, पूर्व एशियाई खेलों के चैंपियन जापान, चिली और चेक गणराज्य शामिल हैं। टूर्नामेंट की शीर्ष 3 टीमें पेरिस ओलंपिक खेलों 2024 के लिए क्वालीफाई करेंगी। जबकि टीम पेरिस का टिकट हासिल करने के लिए उत्साहित है, घरेलू टीम को उस समय झटका लगा जब अनुभवी फारवर्ड वंदना कटारिया, जिन्हें उप कप्तान भी नामित किया गया था, चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गईं। उनकी जगह युवा खिलाड़ी बलजीत कौर लेंगी जिन्होंने भारत के हालिया दौरों में शानदार प्रदर्शन किया है, इस बीच, स्थानीय स्टार निक्की प्रधान को उप कप्तान नामित किया गया है। विशेष रूप से, निक्की 2016 में ओलंपिक खेलों में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाली झारखंड की पहली महिला हॉकी खिलाड़ी थीं।
भारतीय महिला हॉकी टीम के रांची आने पर जोरदार स्वागत किया गया। मौके पर हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह समेत हॉकी झारखंड और खेल विभाग के पदाधिकारी भी मौजूद थे।







