| रांची टीम sportsjharkhand.com |
पिछले 4 वर्षों से रांची जिला फुटबॉल लीग के आयोजन की बाट जोह रहे युवा फुटबॉलरों के हिस्से देर से ही सही लेकिन खुशखबरी आती हुई दिख रही है। झारखंड फुटबॉल संघ (JFA) ने पहल करते हुए रांची में लीग के संचालन के लिए खिजरी विधायक राजेश कच्छप की चेयरमैनशिप में 11 सदस्यीय आयोजन समिति का गठन कर दिया है। आयोजन समिति को JFA की ओर से निर्देशित किया गया है कि वे प्रतियोगिता के दौरान कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन पूरी तरह से सुनिश्चित करेंगे और लीग का आयोजन 25 अक्टूबर से पहले पूरा कर लेंगे।
| आयोजन समिति ⇓
चेयरमैन : राजेश कच्छप (विधायक,खिजरी) |
इस निमित्त झारखंड फुटबॉल संघ के अध्यक्ष प्रो नज़्म अंसारी के निर्देशानुसार संयुक्त सचिव ने गुरुवार को एक पत्र जारी किया है। पता हो कि एक पखवाड़े पहले छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन (CAA) से जुड़े कई सदस्यों ने CM हेमंत सोरेन से मिलकर राजधानी में लीग करवाने का आग्रह किया था। इसके बाद CMO की ओर से की गई पहल के बाद ये नतीजा सामने आया है। JFA की ओर से जारी पत्र की प्रतिलिपि खेल निदेशक को भी भेजी गई है।


| JFA के निर्देशानुसार 25 अक्टूबर से पहले सुपर डिवीजन व A डिवीजन का लीग JFA के निर्देशानुसार सम्पन्न करा लिया जाएगा। B डिवीजन लीग के आयोजन के लिए थोड़े अतिरिक्त वक्त के लिए JFA से निवेदन किया जाएगा।
सरोज नाथ महतो, कन्वेनर, आयोजन समिति |
JFA अध्यक्ष व महासचिव आमने-सामने
महासचिव गुलाम रब्बानी ने अध्यक्ष के निर्देश पर आयोजन समिति के गठन की प्रक्रिया पर सवाल उठाए है। sportsjharkhand.com से बातचीत में रब्बानी ने कहा कि आयोजन में CAA के सदस्यों को जगह नहीं दी गई है और रांची के बाहर के लोग कमिटि में शामिल हैं। रब्बानी ने ये भी कहा कि जब महासचिव मौजूद हैं तो संयुक्त सचिव पत्र कैसे जारी कर सकते हैं ? JFA महासचिव ने ये भी बताया कि CAA से नक्कारा लोगों की होगी छुट्टी होगी और रांची में लीग के आयोजन के संदर्भ में मैंने एक बजट खेल निदेशक को दिया है। सहमति बन गई तो लीग का आयोजन होगा। रब्बानी के रुख से ये साफ हो गया है कि 4 साल बाद लीग के आयोजन से पहले अभी कई अध्याय लिखे जाने शेष हैं और रांची लीग के आयोजन पर संशय के बादल बरकरार रहेंगे।
सेंट्रल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (CRS) करा चुकी टीमें ही लेंगी भाग
JFA द्वारा जारी पत्र में इस बात का साफ-साफ जिक्र है कि लीग प्रतियोगिता में वही टीम भाग लेने को अधिकृत है जिन्होंने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) के सेंट्रल रजिस्ट्रेशन सिस्टम (CRS) के तहत निबंधन करा लिया है। गैर निबंधित टीमों को लीग में भाग लेने की अनुमति नहीं दी गई है। CRS की अनिवार्यता के कारण ही 2017-18 में रांची में A डिवीज़न व सीनियर डिवीजन लीग का आयोजन नहीं हो पाया था। सिर्फ B डिवीजन लीग का आयोजन हुआ था उसे भी JFA द्वारा अनाधिकृत घोषित कर दिया गया था।
रांची की निम्नलिखित टीमें AIFF के तहत CRS के तहत निबंधित हैं
सुपर डिवीज़न (12 क्लब) ⇓
संत जॉन्स फुटबॉल अकादमी, मोराबादी फुटबॉल क्लब, GFC गाड़ी होटवार, स्वर्णरेखा फुटबॉल क्लब, सिल्ली स्पोर्ट्स अकादमी, RAM स्पोर्ट्स फाउंडेशन, कांके फुटबॉल अकादमी, झारखंड ज्योति क्लब चुट्टू, 9 झारखंड क्लब बहू बाजार, DPSS दुबलिया, जय जवान क्लब व झारखंड ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड रांची.
A डिवीज़न (12 क्लब) ⇓
बिरसा क्लब कोकर, सुख शांति क्लब, प्रकाश क्लब रूपोपीढ़ी, हटिया बॉयज क्लब, आदर्श फुटबॉल अकादमी, 4S क्लब, हुलहुंडू फुटबॉल क्लब, जूनियर ईगल क्लब, अरगोड़ा फुटबॉल क्लब, इमानुएल फुटबॉल अकादमी, रांची फुटबॉल अकादमी व रांची फुटबॉल क्लब.
B डिवीज़न (22 क्लब) ⇓
झारखंड खेल प्राधिकरण (SAJHA), झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS), न्यू बुलेट क्लब, ग्रीन गार्डन क्लब, राजेंद्र यूनाइटेड क्लब, राजा स्पोर्ट्स अकादमी, RVVS क्लब रांची, ब्लैक टाइगर क्लब रांची, निर्मल ब्रदर्स, फ्रेंड्स क्लब, विजय युवा क्लब, FC यूनाइटेड कांके, जय सरना क्लब, टाटीसिल्वे फुटबॉल क्लब, एवरग्रीन क्लब, राइट टू किक क्लब, झारखंड स्पोर्ट्स अकादमी, राज स्पोर्ट्स अकादमी, निर्माण क्लब अमलेसा, RWFC रांची व नया भूसुर स्पोर्टिंग क्लब।
इनके अलावा भी लगभग दो दर्जन फुटबॉल क्लब ने AIFF की वेबसाइट पर CRS निबंधन कराया है लेकिन उसकी सूची sportsjharkhand.com के पास अब तक अनुपलब्ध है।







