| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के तीसरे और चौथे स्थान के लिए हुए मुकाबले में मेजबान भारत को जापान से 1-0 से हार का सामना करना पड़ा और इसी हार के साथ ही भारत का पेरिस ओलंपिक का सपना भी टूट गया। वहीं इस जीत के साथ जापान ने पेरिस ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर लिया है।


जानकारी देते चलें कि FIH हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर के रोमांचक मुकाबले में मेजबान भारत गुरुवार को जर्मनी से हार गया था। भारत को हराने के बाद जर्मनी ने पेरिस ओलंपिक का टिकट पक्का कर लिया था। बताते चलें कि रांची से पेरिस ओलिंपिक के लिए जापान, USA और जर्मनी की टीम क्वालिफाई कर गई है।
सातवें और आठवें स्थान के लिए मैच
ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता के आखिरी दिन (शुक्रवार) को पहला मुकाबला चिली और चेक रिपब्लिक के बीच खेला गया। क्वालीफायर मैच के आठ देशों के खेले गए इस स्पर्धा में सातवें और आठवें स्थान के लिए दोनों टीमें आमने-सामने थीं। दूसरे क्वार्टर में चिली के लिए विलाग्रान फर्नांडा ने गोल किया। इस जीत के साथ चिली इस प्रतियोगिता में सातवें और चेक गणराज्य आठवें स्थान पर रहा। पूरे टूर्नामेंट में चेक रिपब्लिक की टीम एक भी मैच नहीं जीत सकी।
न्यूजीलैंड पांचवा स्थान
FIH ओलंपिक क्वालीफायर में न्यूजीलैंड ने इटली को 3-1 से पराजित कर पांचवा स्थान हासिल किया है। बताते चलें कि शुक्रवार को 5वें और 6वें स्थान के लिए न्यूजीलैंड और इटली के बीच मुकाबला खेला गया। न्यूजीलैंड ने काफी आक्रमक तरीके से इस मैच को खेला। न्यूज़ीलैंड ने मैच के 7वें मिनट में मिले पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील कर 1-0 की लीड लिया। न्यूजीलैंड के लिए रोज ट्यानन ने गोल किया। 10वें मिनट में न्यूजीलैंड ने दूसरा गोल कर इटली पर दबाव बढ़ा दिया। न्यूजीलैंड की कप्तान ओलिविया मैरी ने इटली के डिफेंस को भेदकर फील्ड गोल किया और स्कोर 2-0 पहुंचाया। 21 वें मिनट में इटली ने वापसी करते हुए पेनाल्टी कॉर्नर को गोल मारकर लीड को कम किया। इटली के लिए लावन्ना पेसिना ने गोल किया। 31वें मिनट में न्यूजीलैंड ने एक और बेहतरीन फील्ड गोल दाग स्कोर को 3-1 पहुंचा दिया। न्यूजीलैंड के लिए हन्नाह कॉटर ने गोल किया। इस टूर्नामेंट में न्यूजीलैंड ने पांचवा स्थान हासिल किया है।







