झारखंड फेंसिंग संघ ने तलवारबाज़ी के खेल को स्कूलों तक पहुंचाने के लिए राज्य स्तर पर अंतर स्कूल प्रतियोगिता आयोजन करने का निर्णय लिया है। प्रथम स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन रांची जिला तलवारबाज़ी संघ करेगा। धुर्वा स्थित JSCA स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फैमिली लाउंज में आयोजित वार्षिक आम सभा में जेके इंटरनेशनल स्कूल के चेयरमैन जितेंद्र सिंह को संघ का सह संरक्षक मनोनीत किया गया। इसके अलावा हजारीबाग व धनबाद में राज्यस्तरीय फेंसिंग प्रतियोगिता के आयोजन पर भी सहमति बनी। बैठक की अध्यक्षता अर्चित आनंद ने की जिसमें महासचिव जय कुमार सिन्हा ने वार्षिक रिपोर्ट सदस्यों के समक्ष रखी। धन्यवाद ज्ञापन राजेश कुमार ने किया। बैठक में उपाध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य, सुशील सिंह मंटू, संजेश मोहन ठाकुर, कर्मबीर उरांव, राकेश मिश्रा, प्रमोद सिंह, जावेद अशरफ, सुशीला कुजूर, रुचि कुमारी, भैया मुरारी, विजय विश्वकर्मा, अनूप, नीरज, सुजाता भगत समेत कई प्रशासक उपस्थित रहे।
7 सदस्यीय विशेष समिति का गठन
संघ को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने के लिए 7 सदस्यीय विशेष कमिटी का गठन किया गया। कमिटी संघ के संचालन के लिए ज़रूरी आर्थिक संसाधनों के लिए जिम्मेवार होगी। समिति में अध्यक्ष अर्चित आनंद, संरक्षक राजीव कुमार बिट्टू, सह संरक्षक जितेंद्र सिंह, महासचिव जय कुमार सिन्हा, उपाध्यक्ष राजेश कुमार, प्रमोद सिंह व सुशील सिंह मंटू शामिल हैं।







