मिशन ब्लू फाउंडेशन के संस्थापक व व्यवसायी पंकज सोनी झारखंड टेबल टेनिस संघ के नए चेयरमैन बनाए गए हैं। शनिवार को JSCA स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के फैमिली लाउन्ज में आयोजित झारखंड टेबल टेनिस संघ की वार्षिक आम सभा (AGM) के दौरान सर्वसम्मति से पंकज सोनी को चेयरमैन बनाने का निर्णय लिया गया। आम सभा के दौरान संघ द्वारा आयोजित होनेवाले विभिन्न प्रतियोगिताओं के आयोजन व संभावित खर्च पर भी विस्तृत चर्चा की गई। गढ़वा व जमशेदपुर में मेजर टूर्नामेंट व अक्टूबर में स्टेट चैंपियनशिप के आयोजन का निर्णय लिया गया। महासचिव जय कुमार सिन्हा ने वार्षिक रिपोर्ट व 2019-20 की वित्तीय रिपोर्ट पेश की जिसे आम सभा ने पास कर दिया। शिव कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित आम सभा का आयोजन हुआ। आम सभा के दौरान कोषाध्यक्ष संजेश मोहन ठाकुर, राकेश मिश्रा, प्रमोद सिंह, सुशीला कुजूर, रुचि कुमारी, सुजाता भगत, कर्मबीर उरांव समेत कई जिलों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
जिला में वार्षिक प्रतियोगिता का आयोजन अनिवार्य
AGM के दौरान सभी मान्यताप्राप्त जिलों के लिए वार्षिक टीटी प्रतियोगिता का आयोजन अनिवार्य करने का निर्णय भी लिया गया। 2021-22 के सत्र से जिला स्तर पर प्रतियोगिता के आयोजन को अनिवार्य किया गया है। इस निर्णय पर बैठक में मौजूद सभी जिला संघों ने सहमति प्रदान की। बैठक में जामताड़ा, पाकुड़ व साहेबगंज जैसे जिलों को मान्यता प्रदान की गई।
2022-23 में अंतरराष्ट्रीय-राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी
तीन वर्ष पहले सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के सफल आयोजन के बाद टीटी संघ 2022-23 में बड़ी प्रतियोगिता के आयोजन की तैयारी में जुट गया है। AGM के दौरान साउथ एशियन चैंपियनशिप या राष्ट्रीय वेटरन चैंपियनशिप का आयोजन कराने की सहमति बन गयी। अब इसके निमित्त संघ के पदाधिकारी राष्ट्रीय फेडरेशन से संवाद स्थापित कर आयोजन के लिए जरूरी अनुमति प्राप्त करेंगे।