| सिमडेगा/रांची टीम sportsjharkhand.com |


ऊपर जो तस्वीर दिख रही है वो पानी के लिए की गई बोरिंग की तस्वीर है। 21 दिसंबर 2021 को हुई बोरिंग के बाद खेत के मालिक को आशा थी कि जल्द ही सोलर पंपसेट लग जाएगा और खेतों की प्यास को बुझाने के लिए गांववालों को अनवरत पानी मिलता रहेगा। लेकिन आज 9 माह गुजरने के बाद भी ये बोरिंग सोलर प्लेट और मोटर पंप की राह देख रही है। खेत की मालिक ने अधिकारियों से कई बार गुहार लगाई लेकिन किसी के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही। अब खेत के मालिक व उनके परिजनों के सब्र का बांध टूटने की कगार पर है। कार्यपालिका की लालफीताशाही और वरीय अधिकारियों के बीच विकास के क्रेडिट को लेकर चल रहे शीत युद्ध का नुकसान झेलनेवाली इस खेत के मालिक का नाम है,
मार्कुश लकड़ा !
जी हां वही मार्कुश लकड़ा जो भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान व वर्तमान में भारतीय महिला हॉकी टीम की चयनकर्ता असुंता लकड़ा, पूर्व अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी विमल लकड़ा व वीरेंद्र लकड़ा के पिता हैं। साथ में पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी कांति बा, पुष्पा प्रधान के ससुर भी।
मार्कुश लकड़ा सिमडेगा के केरसई प्रखण्ड के नोनगढ़ा के निवासी हैं। मार्कुश की बेटी असुंता लकड़ा ने गांव के खेत में पटवन की समस्या को लेकर दिसंबर 2021 तत्कालीन उपायुक्त सुशांत गौरव से गुहार लगाई। सुशांत गौरव ने दो तीन दिन के अंदर ही भूमि संरक्षण विभाग को निर्देशित कर खेत में बोरिंग करवा दी। असुंता, उनके पिता और परिजन खुश थे कि जल्द ही सोलर पंपसेट भी लग जाएगा लेकिन इसी बीच उपायुक्त सुशांत गौरव का तबादला हो गया। इसके बाद अधिकारी नई उपायुक्त उपायुक्त की प्राथमिकताओं को तरजीह देने लगे और ये बोरिंग मात्र एक ठूंठ बन कर रह गया है। सुशांत गौरव ने जिस अधिकारी को पूरे मसले पर को ऑर्डिनेट करने की जिम्मेवारी दी थी वो पिछले नौ माह से आश्वासन की झूठ की पुड़िया बांट रहा है।
खेत में पटवन के लिए गुहार लगाई गई थी, बोरिंग तो बहुत जल्द हो गया लेकिन सोलर पंपसेट अभी तक नहीं लग पाया है। को ऑर्डिनेट करनेवाले अधिकारी रोज आज कल कर रहे हैं लेकिन ये आज कल 9 माह से आ ही नहीं पा रहा।
असुंता लकड़ा
पूर्व कप्तान सह वर्तमान चयनकर्ता भारतीय हॉकी टीम







