| रांची टीम sportsjharkhand.com |
एक ओर भारत सरकार व देश की अदालतें खेल प्रशासन में प्रशासनिक सुधार के लिए लगातार फैसले व निर्णय ले रही हैं लेकिन क्या इसका कोई सकारात्मक प्रभाव राष्ट्रीय खेल संघों पर पड़ रहा है ? नहीं ! दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर हॉकी इंडिया में प्रशासनिक सुधार करते हुए चुनाव कराने की घोषणा की गई। चुनावी प्रक्रिया को देखने के बाद सवाल उठता है कि क्या कुश्ती का कोच हॉकी इंडिया की कमान संभाल संभालेगा ? सवाल का जवाब हॉकी इंडिया के चुनाव प्रक्रिया में छुपा है। भारत में खेल प्रशासन की इससे भयावह तस्वीर क्या होगी कि हॉकी की कमान पहलवान के हाथ में हो और एथलेटिक्स की कमान लॉन बॉल के कोच के हाथ !
हॉकी इंडिया के पैसों के दुरुपयोग पर हो रही CBI जांच के साये में हो रहे हॉकी इंडिया के चुनाव में नामांकन की प्रक्रिया समाप्त हो चुकी है। नामांकन के बाद जो तस्वीर उभरकर सामने आ रही है, उसके अनुसार हॉकी इंडिया के रिंग मास्टर ने कुश्ती के कोच भोलानाथ सिंह उर्फ भोलूआ को महत्वपूर्ण पद देने का मन बना लिया है। पहले भी भोलानाथ हॉकी इंडिया का उपाध्यक्ष रह चुका है लेकिन इस बार उसने अध्यक्ष और महासचिव पद के लिए ही नामांकन भरा है। अपने रिंग मास्टर को खुश करने के लिए भोलानाथ ने पिछले दो वर्षों में भारतीय ओलंपिक संघ के व्हाट्सएप ग्रुप में काफी गंध मचाई थी कि ऑफिस बियरर का महत्वपूर्ण पद हाथ लग सके। रिंग मास्टर खुद की कारस्तानियों के कारण रिंग से बाहर हो चुका है और गंध मचानेवाले चेलों को वैचारिक हाजमोला देता रहता है जिससे की गंध का साम्राज्य कायम रहे।
दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश पर हॉकी इंडिया का चुनाव 1 अक्टूबर को होना है। जिसके लिए नामांकन पत्रों की जांच 20 सितंबर को 11 से 1 बजे तक होनी है। नाम वापसी 21 व 22 सितंबर को ली जा सकती है और उसके बाद जरूरत पड़ी तो पदवार मतदान 1 अक्टूबर को कराए जाएंगे।
अध्यक्ष व महासचिव के लिए तीन-तीन नामांकन
19 सितंबर को नामांकन करनेवालों की सूची सामने आने के बाद अध्यक्ष (एक पद), महासचिव (एक पद)व संयुक्त सचिव (दो पद) के लिए 3-3 प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किए। जबकि एक्जीक्यूटिव कमिटी के 5 सदस्यों के लिए 6 प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र दाखिल किया है। उपाध्यक्ष (दो पद) के लिए दो नामांकन व कोषाध्यक्ष (एक पद) के लिए एक ही प्रत्याशी ने नामांकन किया है, जिससे इन दोनों पदों पर चुनाव नहीं होगा। सभी पदों के लिए नामांकन के प्रस्तावकों व द्वितीयकों के नाम देखने से साफ है कि रिंग मास्टर के आदेश पर नामांकन की प्रक्रिया को पूरा किया गया है।
दिलीप तिर्की अध्यक्ष व भोलानाथ बनेंगे महासचिव !
हॉकी इंडिया के सूत्रों की मानें तो इस बात की प्रबल संभावना है कि ओडिसा के दिलीप तिर्की अध्यक्ष बनेंगे और झारखंड के भोलानाथ महासचिव। ओडिसा सरकार हॉकी इंडिया की सबसे बड़ी स्पॉन्सर है ऐसे में दिलीप तिर्की को अध्यक्ष बना हॉकी इंडिया अपनी कृतज्ञता प्रकट करना चाहेगा। क्योंकि सभी जानते हैं कि दिलीप तिर्की ओडिसा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के काफी करीबी है। भोलानाथ को अपने रिंग मास्टर की हर बात मानने का इनाम भी मिलना तय है।







