sportsjharkhand.com EXCLUSIVE
| रांची टीम sportsjharkhand.com |
होटवार, रांची के मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स स्थित 11 स्टेडियम, प्रशासनिक भवन, VVIP गेस्ट हाउस और एंपीथिएटर पिछले 10 वर्षों से अपनी बदहाली का रोना रो ही रहे थे कि अब कॉम्प्लेक्स के पेड़ पौधे भी भ्रष्ट व्यवस्था की भेंट चढ़ते हुए नजर आ रहे हैं। सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड (CCL) दर्जनों काबिल अफसरों और कर्मियों, सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों व सफाईकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद शूटिंग रेंज के पीछे स्थित 20-25 फीट ऊंचे हरे भरे पेड़ों को काट दिया गया है। सूचना प्राप्त होने के बाद जब सच्चाई जानने sportsjharkhand.com की टीम पहुंची तो दो ताज़ा कटे पेड़ जमीन पर गिरे दिखे और ठूंठ में तब्दील हो चुके दर्जनों। पेड़ नजर आए (देखें तस्वीर)




कटे हुए दोनों पेड़ों की टहनियों और तनों के टुकड़ों को तोड़ी गई बाउंड्री के रास्ते निपटाया जा चुका था। कुछ टहनियां निपटाए जाने की तैयारी में थीं (देखें तस्वीर)।


दो कटे पड़े पेड़ों को भी जगह जगह से काटकर बाहर ले जाए जाने की तैयारी की जा चुकी थी। जब हम पहुंचे तो लगभग आधा दर्जन लोग शूटिंग रेंज के अंदर पेड़ की टहनियां और तने काटने में जुटे हुए थे। (ऊपर की तस्वीर में ब्लू घेरे में दिख रहे लोग) तस्वीर में लाल घेरे में दिख रहे ठूंठ बता रहे हैं कि दर्जनों हरे भरे पेड़ों को काटा जा चुका है और इन पेड़ पौधों की रखवाली के लिए जिम्मेवार कर्ता धर्ता AC कमरों में बैठ टेंडर की “कट मनी” का हिसाब किताब निपटाने में जुटे हैं।
आपराधिक कृत्य है हरे भरे पेड़ों को काटना
सरकार की अनुमति के बिना हरे पेड़ को काटना आपराधिक कृत्य है। ऐसा करने पर विभिन्न भारतीय वन कानूनों के तहत पेड़ों की चोरी, पर्यावरण को नुकसान पहुंचने और प्रदूषण एक्ट के तहत मामला दर्ज हो सकता है। पेड़ काटने के मामले में दोषी पाए जाने पर जुर्माना या जेल की सजा हो सकती है। इसके अलावा, वृक्ष संरक्षण आदेश (TPO) के तहत भी हरे पेड़ों को काटना सख्त मना है। झारखंड के कई वरीय IAS अधिकारी आवासीय परिसर के हरे पेड़ कटवाने के मामले में फंस चुके हैं।
JSSPS के LMC के जिम्मे है मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का रख रखाव
झारखंड सरकार और सेंट्रल कोलफील्ड्स लिमिटेड की संयुक्त इकाई झारखंड राज्य खेल प्रोत्साहन सोसायटी (JSSPS) की लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) पूरे मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के ऑपरेशन और मेंटेनेंस के लिए जिम्मेवार है। LMC दरअसल पिछले 10 वर्षों से सिर्फ और सिर्फ “लूट का अड्डा” बना हुआ है। यहां पदस्थापित ज्यादातर अधिकारी इसे “ईजी कट मनी” का सेंटर मानते हैं। वित्त विभाग की विशेष जांच में LMC और भ्रष्टाचार के बीच मीठे संबंधों की पुष्टि हो चुकी है लेकिन बिल्ली के गले में जांच की घंटी बांधे कौन ? पता हो कि LMC का गठन CCL के वरीय अधिकारियों द्वारा किया जाता है।
क्या कहते हैं जिम्मेवार
इस संदर्भ में JSSPS की लोकल मैनेजमेंट कमिटी (LMC) के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी नवीन झा का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन ना तो उन्होंने पर्ची भिजवाने के बाद ऑफिस में ही मुलाकात की ना ही उन्होंने मोबाइल नंबर 73555#&@87 पर भेजे गए सवालों का कोई जवाब ही दिया।







