| रांची/देवघर |
देवघर जिला क्रिकेट संघ (DDCA) का चुनाव मजाक बनता हुआ दिख रहा है। जिन लोगों का नाम इलेक्टोरल रोल (वोटर लिस्ट) में नहीं है, वे भी पदाधिकारी के रूप में निर्वाचित हो जा रहे हैं। नामांकन पत्रों की स्क्रूटनी के बाद प्रत्याशियों की जो सूची जारी की गई है, उसमें 15 नंबर पर अभय किशोर गुप्ता का नाम दर्ज है और उनका नामांकन संयुक्त सचिव पद के लिए वैध पाया गया है। आपको जानकर आश्चर्य होगा कि इलेक्टोरल रोल के कुल 114 वोटरों में उनका नाम तक नहीं है। इलेक्टोरल रोल की कॉपी खुद सचिव बिजय झा ने sportsjharkhand.com को उपलब्ध कराई है। अब ये कैसे संभव है कि जिस व्यक्ति का नाम इलेक्टोरल रोल में नहीं है, उस व्यक्ति को दो प्रस्तावक भी मिल जाएं, वो नामांकन भी कर दे और उसका नामांकन स्वीकृत भी हो जाए और वो निर्वाचित भी हो जाए ? पता हो कि DDCA में संयुक्त सचिव के 8 पदों के लिए 8 ही नामांकन हुए हैं, इसलिए अभय किशोर गुप्ता के निर्वाचित होने की औपचारिकता ही शेष है। DDCA चुनाव में अयोग्य को योग्य बना पद सौंपने का खेल वर्तमान पदाधिकारियों और निर्वाचन पदाधिकारी के गंठजोड़ की बदौलत संभव हो पाया है। इस विषय पर जब निर्वाचन पदाधिकारी राज कुमार शर्मा का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उन्होंने कहा कि
“ऐसा ब्लंडर संभव ही नहीं है, फिर भी आप कह रहे हैं, तो मैं क्रॉस चेक करता हूं। मुझे बायलॉज की कोई भी प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई है”


JSCA के ऑब्जर्वर पीएन सिंह से जब इस संदर्भ में बात की गई लेकिन उन्होंने इस विषय पर कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।
निवर्तमान कमिटी में नामांकित एक्जीक्यूटिव कमिटी सदस्य हैं अभय किशोर गुप्ता
JSCA में जमा DDCA के बायलॉज के अनुसार मैनेजिंग कमिटी के निर्वाचित पदाधिकारी 11 एक्जीक्यूटिव कमिटी मेंबर नामांकित करते हैं। इन्हें वार्षिक आम सभा (AGM) या विशेष आम सभा (SGM) और चुनाव के दौरान मतदान का अधिकार नहीं है।
DDCA का बायलॉज देने से इनकार
DDCA सचिव विजय झा से जब sportsjharkhand.com ने संस्था का बायलॉज मांगा तो उन्होंने कहा कि
“बायलॉज मत मांगिए, अन्य सभी दस्तावेज मैं आपको भेज दे रहा हूं”
निर्वाचन पदाधिकारी से भी जब sportsjharkhand.com ने बायलॉज की कॉपी मांगी तो उन्होंने इसकी प्रति होने से इनकार किया। समझना मुश्किल नहीं कि कैसे और किन परिस्थितियों में संस्था का चुनाव करवाया जा रहा है। भले ही DDCA के पदाधिकारी और चुनाव पदाधिकारी बायलॉज की कॉपी उपलब्ध नहीं करवा रहे हों लेकिन sportsjharkhand.com के पास JSCA में जमा बायलॉज की कॉपी है और उसके अनुसार चुनाव के दौरान प्रावधानों का खुल्लम खुल्ला उल्लंघन किया जा रहा है।
DC और SP भी हैं DDCA के मतदाता
मतदाता सूची के अनुसार जिले के उपायुक्त (DC) और आरक्षी अधीक्षक (SP) भी मतदाता हैं लेकिन क्या उन्हें चुनावी प्रक्रिया में बरती जा रही अनियमितताओं की जानकारी है ? संभव है कि उन्हें नहीं हो। DDCA के पदाधिकारी DC और SP को सच्चाई से दूर रखते हुए AGM के दौरान उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं। DC और SP के पहुंचने से DDCA द्वारा की जा रही अनियमितताओं के खिलाफ आवाज बुलंद होने की बजाय थोड़ी कुंद हो जाती है। जंगल में शेर से बैर कौन ले !







