| रांची टीम sportsjharkhand.com |
नवनियुक्त 18 खेल प्रशिक्षकों में से 14 प्रशिक्षक खेल निदेशालय के निर्देश पर सोमवार 11 मार्च को सुबह 10 बजे से शाम 6 बजे तक नियुक्ति पत्र मिलने का इंतजार करने के बाद बैरंग लौट गए। निदेशालय में दिन भर इंतजार के दौरान कोई भी अधिकारी औपचारिकता निभाने भी प्रशिक्षकों के पास नहीं आया। सुबह जब प्रशिक्षक पहुंचें तो एक शख्स ने नियुक्ति की प्रक्रिया समझाते हुए आवेदन देने का निर्देश दिया। मौजूद सभी 14 प्रशिक्षकों ने आवेदन लिखकर दिन भर इंतजार किया। कोई नहीं आया शाम में सभी प्रशिक्षकों की “उपस्थिति” से जुड़ा एक पत्र लेकर बैरंग विदा कर दिया गया। दिन भर में प्रशिक्षकों को एक ग्लास पानी तक पूछनेवाला कोई नहीं था। निदेशालय के दुर्व्यवहार से कई प्रशिक्षक आवक हैं क्योंकि जब आगाज इस कदर का है तो अंजाम क्या होगा ?
अंगिया देकर विजय गायब
रविवार, 10 मार्च की शाम लगभग 6 बजे खेल निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट sports.jharkhand.gov.in पर सूचना डालकर सभी प्रशिक्षकों को मात्र 16 घंटे की मोहलत देते हुए 11 मार्च की सुबह 10 बजे रिपोर्ट करने का फरमान सुनाया गया। कुछ प्रशिक्षक मजबूरी में सुबह की फ्लाइट से नियुक्ति पत्र लेने पहुंचे लेकिन यहां तो अंगिया देकर विजय ही गायब (ब्याह के दौरान निमंत्रण देने के बाद भोजन नहीं कराना) कर दिया गया।




14 मार्च को नियुक्ति पत्र मिलने का थमाया लॉलीपॉप
शाम के वक्त जब प्रशिक्षक निराशाभाव के साथ जाने लगे तब उन्हें जुबानी तौर पर 14 मार्च को नियुक्ति पत्र थमाए जाने का लॉलीपॉप थमा दिया गया। जब लिखित आमंत्रण के बाद नियुक्ति पत्र नहीं मिला तो मौखिक लॉलीपॉप की क्या बिसात।
विवादों में है पूरी नियुक्ति प्रक्रिया
पता हो कि पूरी नियुक्ति प्रक्रिया विवादों में है और इस विषय पर sportsjharkhand.com आपको पहले ही विस्तृत तौर पर बता चुका है। जो अभ्यर्थी नियुक्ति की पात्रता नहीं रखते थे उन्हें योग्य बताकर साक्षात्कार के लिए बुलाया गया। चहेतों को रेवड़ियों की तरह नौकरी बांटी गई। कुछ नियुक्तियों में पैसे लेने तक की चर्चा जोरों पर है।







