| रांची |
खेल निदेशालय द्वारा गुरुवार 14 मार्च को प्रोजेक्ट भवन स्थित एनेक्सी बिल्डिंग के दूसरे तल्ले स्थित हॉल में नवनियुक्त प्रशिक्षकों को खेल मंत्री हफीजुल हसन के हाथों नियुक्ति पत्र मिलेगा। निदेशालय की ओर से सभी जिला खेल पदाधिकारियों को बुधवार को इस निमित्त पत्र लिखकर सभी जिला स्पोर्ट्स को ऑर्डिनेटर और जिला खेलो इंडिया सेंटर के पास्ट चैंपियन प्रशिक्षकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। साथ ही सभी चयनित प्रशिक्षकों को भी इस संबंध में निमंत्रण दिया जा चुका है।
नए एकलव्य खेल केंद्रों का भी होगा उद्घाटन
इस अवसर पर पूर्व से स्वीकृत नए एकलव्य खेल केंद्रों (सेंटर फॉर एक्सीलेंस) का उद्घाटन भी होना है। साथ ही खिलाड़ी कल्याण कोष द्वारा स्वीकृत खिलाड़ियों को सहायता स्वरूप खेल सामग्री व राशि का वितरण भी किया जाएगा।







