| रांची |
वैचारिक खोखलेपन की परिभाषा देखनी समझनी हो तो बगैर देर किए चले आइए झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के कंट्री क्रिकेट क्लब (CCC) के चुनावी घमासान में। कंपनीज एक्ट के तहत निबंधित CCC का वार्षिक चुनाव होना है। अपने आका (स्व. अमिताभ चौधरी) की अनुपस्थिति में समस्त चेले खुद को पंचतंत्र का “राजा” (रंगा सियार) समझने लगे हैं। ऐसे ही कई “रंगे सियारों” ने बुधवार को हरमू रोड स्थित माही रेस्टोरेंट में JSCA व CCC के सदस्यों की बैठक बुलाई। बैठक के दौरान हाजिरी ली गई तो पता चला कि कुल जमा 84 सदस्य बैठक में पहुंचे हैं। वैचारिक दिवालियेपन की हद देखिए की CCC वही संस्था है जो JSCA स्टेडियम प्रांगण में बड़े बड़े आयोजनों के लिए जगह उपलब्ध कराती है। रांची के सबसे फेमस पार्टी और सेलिब्रेशन डेस्टिनेशन में से एक है, जहां दो-दो रेस्टोरेंट, कई बैंक्वेट हॉल, एक्वा विला समेत लगभग 10 सुइट्स और 40 डिलक्स कमरों की सेवा उपलब्ध है। लेकिन आंख से अंधा नाम नयनसुख की कहावत को चरितार्थ करते हुए CCC के अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष बनने का सपना संजोने वालों को बैठक के लिए न तो CCC का पावर प्ले रेस्टोरेंट दिखा ना ही बैंक्वेट हॉल दिखा, जहां वे आराम से बैठक कर सकते थे और CCC का रेवेन्यू भी बढ़ा सकते थे। लेकिन CCC का कर्णधार बनने की तैयारी में जुटे लोगों ने CCC को “चपत” लगाते हुए माही रेस्टोरेंट का रेवेन्यू बढ़ा दिया। अब ऐसे ही लोग अगर निर्वाचित हो गए तो CCC का रेवेन्यू कितना बढ़ेगा ये सोचा जा सकता है।
वो जो कहते हैं CCC को छोड़ेंगे ना हम कभी… मन फिसल गया माही रेस्टोरेंट में “पद” को देखते… देखते…!
JSCA अध्यक्ष संजय सहाय भी बैठक में हुए शामिल
स्व अमिताभ चौधरी के निधन के तुरंत बाद सितंबर 2022 में CCC का चुनाव निर्विरोध हुआ। CCC का चुनाव कभी भी JSCA कैंपस से बाहर नहीं आया। ये पहली बार है की CCC की मलाई खाने के लिए सभी बिल्लियां अपने हिस्से के लिए आपस में झगड़ रही हैं। JSCA अध्यक्ष संजय सहाय भी एक ग्रुप के साथ खड़े हैं और उन्होंने भी बैठक में शिरकत की। JSCA पर गहरी नजर रखनेवालों का मानना है कि संजय सहाय को अध्यक्ष पद की गरिमा को बचाते हुए इस तरह की बैठक से दूर रहना चाहिए था।
चुनाव के बहाने अपनी-अपनी बोटियां नोचने में जुटे ग्रुप
2023 के CCC चुनाव की बारी है और घमासान मचा हुआ है। एक ग्रुप पिंटुआ के जीजाजी को जीता रिटायरमेंट गिफ्ट देकर पिंटुआ का खासमखास बनने का सपना बुन रहा है तो दूसरा ग्रुप “JSCA 2025” के सपने संजोते हुए जमशेदपुर के बॉबी के लिए “मुझे तो कुछ कहना है…” गाना गुनगुना रहा है। एक-दो छोटे ग्रुप खुद को बड़ा बता अपने हिस्से की बोटी लेने की जुगत में भिड़े हैं। सभी को अपने हिस्से की बोटियों की चिंता है लेकिन CCC की सेवा और क्रेडिबिलिटी में पिछले एक साल के दौरान आई गिरावट पर किसी का कोई भी ध्यान नहीं है। किसी भी ग्रुप की प्राथमिकता में ये शामिल नहीं है। ऐसे ही “रंगा सियारों” के हाथों में CCC की कमान रही तो CCC का भगवान ही मालिक है !
नवंबर में होंगे CCC के चुनाव
sportsjharkhand.com को पुख्ता जानकारी मिली है की दुर्गा पूजा के बाद नवंबर के पहले सप्ताह में CCC के चुनाव होंगे। इस संदर्भ में नियमों के अनुसार वर्तमान कमिटी ने “तीन माह का एक्सटेंशन” ले लिया है। तीन माह के एक्सटेंशन के बावजूद नवंबर माह के पहले सप्ताह में चुनाव कराए जाएंगे और इसकी घोषणा अक्टूबर माह में कर दी जाएगी।







