| रांची |
छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन (CAA) द्वारा चार साल बाद रांची में फुटबॉल लीग का आगाज मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होटवार के मुख्य स्टेडियम में आदर्श स्पोर्ट्स अकादमी व जूनियर ईगल के बीच मुकाबले के साथ हुआ। A डिवीजन लीग का पहला मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। आदर्श अकादमी की ओर से मैच के 27वें मिनट पर सूरज ने पेनल्टी से रिटर्न गोल दाग टीम को बढ़त दिलाई। मध्यांतर तक आदर्श स्पोर्ट्स अकादमी 1-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में जूनियर ईगल ने एक के बाद एक कई मूव बनाये और अंततः 65वें मिनट में विकास टोप्पो के गोल से बराबरी हासिल की। फाइनल स्कोर 1-1 रहा। विकास टोप्पो को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
इससे पहले छोटानागपुर एथलेटिक्स एसोसिएशन की आयोजन समिति के चेयरमैन सह खिजरी विधायक राजेश कच्चप ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर और किक लगाकर A डिवीज़न फुटबॉल लीग की विधिवत शुरुआत की। इस अवसर पर आयोजन समिति के पदाधिकारियों के अलावा संजय महतो, मुकुल लकड़ा आदि भी मौजूद रहे।
CRS करा चुकी 12 टीमों ने कराया निबंधन
आयोजन समिति के कन्वेनर सरोजनाथ महतो ने बताया कि AIFF द्वारा CRS करवा चुकी 12 टीमों ने अबतक A डिवीजन लीग के लिए निबंधन कराया है। दो और टीमों ने थोड़ा वक्त मांगा है क्योंकि उनके CRS का कन्फर्मेशन नहीं आया है। सरोजनाथ ने साफ किया कि लीग में उन्हीं टीमों को एंट्री दी जाएगी जो AIFF से CRS करवा चुके होंगे।







