| रांची |
झारखंड राज्य के आवासीय प्रशिक्षण केंद्रों के लिए संविदा पर की जा रही खेल प्रशिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया के दौरान सरकार के द्वारा तय मापदंडों और विज्ञापन में वर्णित शर्तों की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। स्क्रूटनी के दौरान कई अयोग्य प्रशिक्षकों को योग्य बताकर साक्षात्कार के लिए आमंत्रित किया गया। विज्ञापन की अनिवार्य शर्त 2 (क) (ii) के अनुसार
भारतीय संस्थान से मान्यता प्राप्त/भारतीय खेल प्राधिकरण अंतर्गत संचालित National Institute of Sports (राष्ट्रीय क्रीड़ा संस्थान) से संबंधित खेल विधा में पूर्णकालिक (रेगुलर) डिप्लोमा।
और 2 (क) (iii) के अनुसार
कम से कम 03 (तीन) वर्षों का अनुभव (देखें 👇)


अनिवार्य किया गया है लेकिन अंतिम रूप से चयनित कम से कम तीन प्रशिक्षक उपरोक्त दोनों अहर्ताओं को पूरा नहीं करते। स्क्रूटनी के दौरान 65 योग्य अभ्यर्थियों में से एक दर्जन से ज्यादा अभ्यर्थी उपरोक्त अनिवार्य योग्यता नहीं रखते। कई अभ्यर्थियों ने पूर्णकालिक डिप्लोमा की डिग्री ली ही नहीं है और कई ने फर्जी अनुभव प्रमाण पत्र जमा किया है। फिर ऐसे अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किस आधार पर किया गया ? और उनमें से कम से कम तीन अभ्यर्थी आखिरी रूप से चयनित कैसे हो गए ?
कौन ले रहा था ढाई (2.5) लाख रुपए में नियुक्ति की गारंटी
साक्षात्कार के दिन दस्तावेजों की स्क्रूटनी के दौरान अभ्यर्थियों में इस बात को लेकर चर्चा आम थी कि चार माह के मानदेय यानी ढाई (2.5) लाख रुपए में नियुक्ति की गारंटी दी जा रही है। कौन महाशय हैं जो ये ठेका उठा रहे थे ?
तो क्या चहेतों के बीच बांटी गई हैं रेवड़ियां
नियुक्ति प्रक्रिया 29 दिसंबर 2023 में शुरू हुई और साक्षात्कार 17 जनवरी 2024 को होना था। अंततः शनिवार 9 मार्च को साक्षात्कार और आज सोमवार 11 मार्च को चयनित प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र भी दे दिया है। इंटरव्यू बोर्ड के एक सदस्य के सहकर्मी व अभिन्न मित्र के पुत्र भी अयोग्यता को धता बताते हुए अंतिम रूप से चयनित हो गए। जबकि चयनित प्रशिक्षक की डिग्री मात्र एक वर्ष पुरानी बताई जा रही है।
..तो आवेदन के साथ स्थानीय निवास प्रमाणपत्र क्यों मांगे गए ?
जिन्हें आखिरी रूप से चयनित किया गया है उनमें से ज्यादातर प्रशिक्षक झारखंड के स्थाई निवासी नहीं हैं। जबकि विज्ञापन की शर्तों के अनुसार स्वाभिप्रमणित स्थानीय निवास प्रमाण पत्र आवेदन के साथ जमा किया जाना अनिवार्य था। क्या ये शर्त ऐसे ही औपचारिकता वश मांगे गए थे ? (देखें 👇)


ज्वाइनिंग से दूर रहेंगे कई प्रशिक्षक
जानकारी मिल रही है कि नियुक्ति प्रक्रिया पर अविश्वास के चलते कई चयनित प्रशिक्षक सोमवार को ज्वाइनिंग नहीं लेंगे। प्रशिक्षकों को इस बात का अंदेशा है कि नियुक्ति प्रक्रिया भविष्य में उलझ भी सकती है इसलिए वे वर्तमान जगह पर ही नौकरी करना चाहते हैं।







