| रांची |
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के सत्र 2025-28 के चुनाव के रंग में अकर्मण्यता की भांग घोल दी गई है। अकर्मण्यता ऐसी कि लगभग साल भर पहले स्वर्गवासी हो चुके एक आजीवन सदस्य को मतदाता सूची में जगह दे दी गई। JSCA की कमिटी ऑफ मैनेजमेंट (CoM) ने 8 मई को इमरजेंट बैठक के बाद जो सूची रिटर्निंग अफसर को चुनाव के लिए सौंपी उसके क्रमांक संख्या 35 में राज कुमार अग्रवाल का नाम दर्ज है, जिनकी सदस्यता संख्या 1073 है और पता अमला टोला, चाईबासा दर्ज है। (लाल घेरा देखें)


दरअसल स्वर्गीय राज कुमार अग्रवाल जी का निधन लगभग एक वर्ष पहले ही हो चुका है लेकिन JSCA के कर्णधार उन्हें आसन्न चुनाव में “पोटेंशियल वोटर” के तौर पर देख रहे हैं ! भला हो किसी सदस्य ने खुराफात नहीं कि अन्यथा फॉर्म भरने के बाद की स्थिति की सिर्फ कल्पना ही की जा सकती है।
पर्दे के पीछे और पर्दे के सामने से जब किसी संस्था की कुर्सी पर कब्जे की लड़ाई प्राथमिकता बन जाए तो इस तरह की छोटी मोटी गलतियां होती रहती हैं। जानकारी ये भी मिली है कि कुछ मतदाताओं के नाम छूट भी गए हैं। गलती पकड़ में आते ही CoM ने रिटर्निंग अफसर को पत्र लिखकर गलती सुधारने का अवसर प्रदान करने की मांग की है। आम तौर पर नामांकन की प्रक्रिया शुरू होने पर किसी भी सदस्य का नाम न तो हटाया जाता है और ना ही जोड़ा जाता है लेकिन देखना होगा कि रिटर्निंग अफसर क्या निर्णय लेते हैं।


विवाद के बाद रिटर्निंग अफसर 7 मई को वापस कर चुके थे एक मतदाता सूची
8 मई को मतदाता सूची जारी होने से पहले CoM ने रिटर्निंग अफसर रिटायर्ड IAS एन एन पांडे को 687 सदस्यों की एक मतदाता सूची भेजी थी और आग्रह किया था कि 31 सदस्यों की वैधता पर वे (रिटर्निंग अफसर) फैसला लें। रिटर्निंग अफसर ने सूची वापस करते हुए CoM को कड़ी हिदायत दी और कहा कि JSCA के विवाद का निपटारा करने के लिए मैं रिटर्निंग अफसर नहीं बना हूं। विवाद रहित सूची सौंपी जाए अन्यथा मैं चुनाव से खुद को अलग कर लूंगा। इसके बाद 8 मई की सुबह 9 बजे CoM की इमरजेंट बैठक कर नई मतदाता सूची दी गई।
नामांकन के चौथे दिन अजय नाथ शाहदेव के नेतृत्व में “द टीम” के 11 सदस्यों ने नामांकन पत्र दाखिल किया
नामांकन के चौथे दिन ‘द टीम’ के 11 सदस्यों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। इन 11 सदस्यों के अलावा जिला संघों के दो प्रतिनिधियों ने भी अलग से फॉर्म भरा है। पता हो कि पहले 3 दिनों में एक भी नामांकन दाखिल नहीं किया गया था। मंगलवार को नामांकन का आखिरी दिन है और संभावना है कि आपसी खींचतान से निजात पाकर टीम अखिलेश झा टीम के प्रत्याशी भी नामांकन कर लेंगे। एक संभावित बागी प्रत्याशी ने टीम अखिलेश झा को थोड़ा परेशान कर रखा है। “द टीम” के सदस्य जिन्होंने नामांकन किया
अध्यक्ष: अजय नाथ शाहदेव
उपाध्यक्ष: संजय पांडे
सचिव: सौरभ तिवारी (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर)
संयुक्त सचिव: शाहबाज नदीम (पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर)
कोषाध्यक्ष: अमिताभ घोष
मैनेजिंग कमेटी सदस्य
संजय जैन, रमेश कुमार, मिहिर प्रीतेश तोपनो, परवेज खान और रत्नेश कुमार सिंह
स्कूल एंड क्लब रिप्रेजेंटेटिव : उमा महेश्वर राव
नोट : खबर अपडेट हो रही है, “स्वर्गीय वोटरों” की बढ़ भी सकती है







