| रांची |
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के लोकपाल रिटायर्ड जस्टिस अरुण मिश्रा ने बुधवार को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के खिलाफ दर्ज मामले पर दोनों पक्षों को सुनने के बाद अगली सुनवाई के लिए 31 अक्टूबर की तारीख मुकर्रर की। लगभग आधे घंटे तक जिरह के बाद सुनवाई समाप्त हो गई। वर्चुअल सुनवाई के दौरान दोनों ओर के पक्षकार और उनके वकील उपस्थित रहे। ज्ञात हो कि JSCA के क्लब मेंबर नंदू पटेल ने 14 अक्टूबर 2025 को BCCI के लोकपाल के पास JSCA में व्याप्त अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतवाद दर्ज करायी थी। इसी वाद की सुनवाई करते हुए रिटायर्ड जस्टिस सह लोकपाल अरुण मिश्रा ने 29 जुलाई को JSCA से 9 बिंदुओं पर और शिकायतकर्ता से 7 बिंदुओं पर शपथ पत्र के माध्यम से पक्ष रखने का निर्देश दिया था।
इसके अलावा नंदू पटेल ने सर्वोच्च न्यायालय में एक अवमाननावाद भी दर्ज कराया है, जिसकी सुनवाई 8 सितंबर को होनी थी लेकिन नहीं हो पाई। इस अवमाननावाद को क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बिहार और हैदराबाद क्रिकेट संघ से जुड़े मामले के साथ अटैच करने का निर्देश अदालत की ओर से दिया गया है। अब सभी मामलों की सुनवायी एक साथ होगी।







