| रांची/कोडरमा |
क्रिकेट संचालन में कैश के खेल और क्रिकेटरों से दोयम दर्जे के व्यवहार से नाराज़ कोडरमा क्रिकेट से जुड़े ज्यादातर पूर्व व वर्तमान क्रिकेटर, उनके अभिभावक अब कोडरमा जिला क्रिकेट संघ (KDCA) को कोडरमा जिला क्रिकेट कमिशन एसोसिएशन बताने और मानने लगे हैं। KDCA की स्थापना तो जिला में क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए की गई थी लेकिन पिछले 3 वर्षों से जिला के क्रिकेटरों को रमेश प्रसाद यादव मेमोरियल सीनियर जिला क्रिकेट लीग प्रतियोगिता का इंतजार है। 2023-24 और 2024-25 में कोडरमा सीनियर लीग प्रतियोगिता का आयोजन ही नहीं हुआ जबकि 2025-26 में लीग का आयोजन शुरू हुआ लेकिन 7 मैच के बाद ऐसा थमा कि फिर शुरू हो ही नहीं पाया। आश्चर्य की बात है कि जो KDCA पिछले तीन वर्षों में जिला लीग कराने में असमर्थ रहा वो दो वर्ष के दौरान झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के अंतर जिला क्रिकेट टूर्नामेंट के 31 मैचों का आयोजन करा चुका है और इन आयोजनों के एवज में 49 लाख 57 हजार 810 रुपए बटोर भी चुका है। बताने की जरूरत नहीं कि इस भौतिकवादी युग में “कट मनी” की माया कितनी अपरंपार है। अब स्थानीय लीग के आयोजन में KDCA को अपने पैसे खर्च करने पड़ते, दूसरी ओर JSCA के मैच आयोजनों से हींग लगे न फिटकरी और जेब में कागजों पर छपे रंग-बिरंगे गांधी जी की गर्मी का कोई जोड़ नहीं।
मिलिएगा न त आपको बताएंगे, पूरा फाइल खोलकर दिखा देंगे। कुछ लड़का सब परेशान कर दिया है। इसलिए क्रिकेट का आयोजन डिस्टर्ब चल रहा है – दिनेश कुमार सिंह, सचिव, KDCA
वित्तीय अनियमितता : KDCA सचिव को खुद के नाम पर चेक के जरिए 1 लाख 75 हजार और और सेल्फ चेक के जरिए 50 लाख 98 हजार रुपए निकाले
अपवादों को छोड़ दें तो KDCA के सचिव सिर्फ स्वयं को चेक काटने में विश्वास रखते हैं। आयोजन में सहयोग करनेवाले वेंडरों को चेक की जगह कैश से भुगतान करने में विश्वास करते हैं क्योंकि कैश में कट मनी अपने हाथ में रहता है। इसीलिए उन्होंने (दिनेश सिंह) खुद के नाम पर चेक काटकर पहली बार 1 लाख 50 हजार रुपए और दूसरी बार 25 हजार रुपए की निकासी कर चुके हैं। इसके बाद उन्हें इस खेल के महान खिलाड़ी ने कान में मंत्र फूंका तब से सेल्फ चेक के माध्यम से KDCA के अकाउंट से पैसा निकालते हैं दिनेश सिंह। दिनेश सिंह KDCA के अकाउंट से अबतक स्वयं लगभग 52 लाख 73 हजार रुपए की निकासी कर चुके हैं। इतनी भारी रकम उन्होंने वेंडरों को कैश में दे दी। अब आपको समझ में आ गया होगा कि पिछले 3 वर्षों के दौरान दिनेश सिंह ने स्थानीय लीग का आयोजन क्यों नहीं कराया ?
जिला क्रिकेट संघों में लगातार आ रही वित्तीय अनियमितता की शिकायतों पर JSCA की चुप्पी शर्मनाक
पिछले एक दशक के अंदर राजधानी रांची, बोकारो, रामगढ़, लातेहार, गिरिडीह, गढ़वा, चतरा, दुमका, कोडरमा व अन्य कई जिला क्रिकेट संघों के संचालन के दौरान गंभीर वित्तीय व प्रशासनिक अनियमितताओं की शिकायतें मिलीं। इतनी शिकयतों के बावजूद JSCA की चुप्पी समझ से परे है। जब JSCA जिला संघों को BCCI और JSCA के मैचों के आयोजन का जिम्मा सौंप लाखों करोड़ों रुपए देता है तो इसके खर्च के लिए कोई वित्तीय मापदंड अब तक तय क्यों नहीं किए गए ? JSCA ने अबतक इसके लिए अनिवार्य वित्तीय गाइडलाइंस क्यों नहीं बनाई ? भ्रष्टाचार के ज्यादातर मामलों में वोट की राजनीति के कारण आरोपियों को अभयदान दे दिया गया। वोट की राजनीति ही वित्तीय अनियमितता को बढ़ावा दे रही है और ऐसी परिस्थितियां JSCA के लिए काफी शर्मनाक है। (इस विषय पर JSCA के जिम्मेवार पदाधिकारियों का पक्ष लेने का प्रयास किया गया लेकिन खबर लिखे जाने तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ)
JSCA के पास गुहार लगाकर थक चुके क्रिकेटर अब आर पार के मूड में
पिछले एक साल से कोडरमा के क्रिकेटर, क्लब संचालक और कुछ आजीवन सदस्य JSCA के पास लिखित और मौखिक गुहार लगा कर थक चुके हैं। JSCA के पदाधिकारियों के पल्ला झाड़ने से कोडरमा के क्रिकेटर काफी नाराज हैं और वे आर पार के मूड में हैं। क्रिकेट का सत्र शुरू होने को है लेकिन कोडरमा में जो स्थिति बनती हुई दिख रही है, उसमें क्रिकेट को छोड़कर सबकुछ होता हुआ नजर आएगा।
KDCA की प्राथमिकता में क्रिकेट न कभी शामिल था, न है
कोडरमा जिला में स्थानीय क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2004-5 में KDCA को झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) ने मान्यता दी थी। दुर्भाग्य की बात ये रही कि पिछले दो दशक से ज्यादा के वक्त गुजर जाने के बाद भी KDCA की प्राथमिकताओं में कभी भी स्थानीय क्रिकेट नहीं रहा। JSCA के मैचों का आयोजन ही प्राथमिकताओं में रहा। पिछले 3 वर्षों में जिला लीग हुआ नहीं लेकिन 2024 में 30 जून से 30 जुलाई के बीच मात्र 8 टीमों की एक T20 प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया था। इसके बाद 2025 में कोडरमा प्रीमियर लीग का आयोजन कराया गया लेकिन ये आयोजन भी कुछ मैचों के बाद बंद हो गया।
—————————-
शुक्रवार को पढ़िए
वित्तीय अनियमितता पर KDCA सचिव कैसे गढ़ रहे झूठे तर्क और अध्यक्ष व कोषाध्यक्ष ने क्यों थामी चुप्पी







