| रांची
टीम Sportsjharkhand.com |
नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA) बंगलोर में निबंधन, ट्रायल और फिर प्रशिक्षण दिलाने के नाम पर झारखंड के कई शहरों में ठगी का धंधा चरम पर है। नेशनल क्रिकेट अकादमी के नाम से मिलते जुलते https://www.nationalcricketacademy.in/ नामक वेबसाइट बनाकर युवा क्रिकेटरों के साथ ठगी की जा रही है। समान नाम होने के कारण ज्यादातर युवा क्रिकेटर और उनके अभिभावक झांसे में आ जा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में बोकारो के युवा क्रिकेटर को अब तक 14,750 रुपए की चपत लगाई जा चुकी है। सभी पैसे बैंक ऑफ महाराष्ट्र के अकाउंट नंबर 60463133312 IFSC कोड – MAHB0000353 में मंगाए गए हैं। गुरुवार को सबसे पहले बोकारो के क्रिकेटर के अभिभावक से निबंधन के नाम पर 3150 रुपए मंगवाए गए फिर ट्रायल की जगह तय करने के नाम पर तुरंत ही 11,600 रुपए मंगवाए गए। इसके बाद शुक्रवार को तीसरी बार ट्रायल फी के नाम पर 21,000 रुपए और मांगे गए। तब एहसास हुआ कि वे ठगी का शिकार हो रहे हैं। ऐसी ठगी का एक और मामला रांची के ग्रामीण क्षेत्र से भी आया है।
NCA के नाम पर कैसे की जा रही है ठगी
पहले संबंधित खिलाड़ी का मोबाइल नंबर और ईमेल एड्रेस जुगाड़ करते हैं। इसके बाद info@nationalcricketacademy.in से ईमेल भेजा जाता है कि आपके बच्चे का चयन सीनियर, U19, U16 या U14 टीम के लिए किया जाना है। इस पत्र में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) का आधिकारिक लोगो भी लगा होता है। आप इसके लिए जवाबी ईमेल या कॉल करें। ईमेल का जवाब देते ही एक सज्जन व्हाट्सएप कॉल पर नेशनल क्रिकेट अकादमी का अफसर बन आपसे बात करेगा और पहले निबंधन फिर ट्रायल की जगह फिर ट्रायल की फी फिर एकोमोडेशन फिर किट फिर फलाना फलाना के नाम पर ठगी का सिलसिला शुरू कर देता है। इस सज्जन के फोन की DP और प्रोफाइल पिक्चर की जगह NCA का लोगो लगा रहता है। जैसे ही आप भुगतान रोकते हैं वैसे ही आपका मोबाइल ब्लॉक कर दिया जाता है।
ठगी के शिकार अभिभावक ने BCCI और JSCA से लगाई गुहार
ठगी के शिकार हुए क्रिकेटर के भाई ने शुक्रवार को sportsjharkhand.com से आपबीती शेयर करते हुए कहा कि BCCI और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) जैसी क्रिकेट संचालन से जुड़ी संस्थाओं को इस मामले में पहल करनी चाहिए। अभिभावक के पास फ्रॉड को क्रॉस चेक करने का कोई साधन नहीं है और उपरोक्त संस्थाओं को इस तरह के फ्रॉड से बचाने के लिए टॉल फ्री नंबर जल्द से जल्द जारी करना चाहिए।







