| रांची |
JSCA में व्याप्त विभिन्न प्रशासनिक अनियमितताओं और 2025-28 सत्र के लिए हुए चुनाव में बरती गई अनियमितता को लेकर झारखंड HC में दायर रिट याचिका पर गुरुवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान प्रतिवादियों ने रिट को नॉन मेंटेनेबल बताते हुए खारिज करने की मांग की। सभी पक्षकारों की दलील सुनने के बाद अदालत ने 7 प्रतिवादियों को 6 सप्ताह के अंदर अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया। पता हो कि वादी नंदू पटेल ने इस मामले में झारखंड सरकार, IG रजिस्ट्रार, JSCA, अध्यक्ष अजय नाथ शहदेव, सचिव सौरभ तिवारी और JSCA के आजीवन सदस्य व चुनाव के दौरान वोटिंग लिस्ट बनानेवाले राजीव सिंह को प्रतिवादी बनाया है। इस मामले की अगली सुनवाई के लिए 6 सप्ताह बाद 11 सितंबर की तिथि तय की गई है।
याचिका में इन अनियमितताओं का लगाया गया है आरोप
याचिकाकर्ता नंदू पटेल ने अपनी याचिका में आरोप लगाया है कि
1. 2025-28 के लिए हुए चुनाव में कुल जमा 107 वोट ऐसे डाले गए जो JSCA बायलॉज और न्याय के नैसर्गिक सिद्धांतों का खुल्लमखुल्ला उल्लंघन करते हुए डाले गए हैं
2. चुनाव के दौरान JSCA के बायलॉज की धारा 5 (a)(iii) के तहत लगातार 5 वार्षिक आम सभा से अनुपस्थित रहनेवाले अवैध सदस्यों, धारा 2 (d) के तहत राज्य के बाहर निवास करनेवाले अवैध सदस्यों ने भी मतदान किया
3. जिस बायलॉज का निबंधन IG रजिस्ट्रार के यहां अब तक नहीं हुआ है, उसी के आधार पर चुनाव कराए जा रहे हैं।
4. BCCI की वेबसाइट पर JSCA का बायलॉज कुछ और दिख रहा है और चुनाव किसी और बायलॉज के तहत कराए जा रहे हैं।
5. कई सदस्यों ने एक से ज्यादा मत डालें, जो न्याय के नैसर्गिक सिद्धांतों का उल्लंघन है, इसके अलावा भी कई अनियमितताओं का जिक्र याचिका में किया गया है।
6. चुनाव के लिए बनाई गई वोटिंग लिस्ट बनाने में बरती गई अनियमितता
JSCA चुनाव में अजय नाथ शहदेव ग्रुप ने किया था क्लीन स्विप
18 मई 2025 को संपन्न हुए चुनाव में अजय नाथ शहदेव ग्रुप में क्लीन स्विप किया था। अजय नाथ शहदेव अध्यक्ष, संजय पांडेय उपाध्यक्ष, सौरव तिवारी सचिव, अमिताव घोष कोषाध्यक्ष, शाहबाज नदीम संयुक्त सचिव और अन्य सभी पदों पर भी अजय गुट के प्रत्याशी जीते थे। याचिकाकर्ता नंदू पटेल उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी थे, जिन्हें हार का सामना करना पड़ा था।







