| रांची/पटना |
जिन दो महिला खिलाड़ियों के साथ झारखंड में दोयम दर्जे का व्यवहार किया गया, उन खिलाड़ियों को बिहार सरकार ने सीधी नियुक्ति के तहत नौकरी देने का निर्णय लिया है। सब कुछ ठीक रहा तो सितंबर माह में ही एथलीट सपना कुमारी और लॉन बॉल खिलाड़ी पायल प्रीति जल्द ही सब इंस्पेक्टर या उसके समकक्ष 4200 ग्रेड पे वाले किसी पद पर योगदान दे देंगी। सपना और पायल को झारखंड में न तो कैश अवॉर्ड के लायक समझा गया था ना ही नौकरी के लायक। पायल के तो खेलने पर भी अघोषित रोक लगा दी गई थी। ऐसे में परेशान होकर बेहतर करियर के लिए दोनों खिलाड़ियों ने झारखंड छोड़ बिहार जाने का निर्णय लिया। दो साल के अंदर ही सुखद परिणाम मिल। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने सीधी नियुक्ति प्रक्रिया के तहत 17 खेल विधाओं से कुल 87 खिलाड़ियों को नियुक्ति देने का निर्णय लिया है। इनमें 38 महिलाएं और 49 पुरुष खिलाड़ी शामिल हैं। कुछ आवेदनों पर अंतिम निर्णय लिया जाना शेष है।
बिहार बनाम झारखंड
खास बात : बिहार में जिन उपलब्धियों के लिए खिलाड़ियों को 4200 ग्रेड पे पर नौकरी मिल रही है, उसी उपलब्धि पर झारखंड के खिलाड़ी 1900 ग्रेड पे पर नौकरी करने को विवश हैं। बिहार में पिछले तीन वर्षों से लगातार खिलाड़ियों को साल में एक बार सीधी नियुक्ति का मौका, झारखंड में पिछले 25 वर्षों में मात्र एक बार 2019-21में हुई है सीधी नियुक्ति। मात्र 39 खिलाड़ियों को मिली थी नियुक्ति।
| “खिलाड़ियों को सम्मान देने की कला झारखंड के खेल प्रशासकों को बिहार के प्रशासकों से सीखनी चाहिए। पिताजी होते तो नौकरी की खुशी दोगुनी हो जाती (पता हो कि सपना के पिता श्याम सुंदर सिंह का देहांत 14 अगस्त को हर्ट अटैक से रांची में हो गया था)”
सपना कुमारी, एथलीट |
एक खिलाड़ी 5400, 16 खिलाड़ी 4200 और 70 खिलाड़ी 1900 के ग्रेड पे पर चयनित
बिहार सरकार द्वारा जारी सूची के अनुसार पैरालंपिक से जुड़े एक खिलाड़ी को 5400 क ग्रेड पे पर नियुक्ति दी जाएगी जबकि 16 खिलाड़ियों को 4200 के ग्रेड पे पर नियुक्ति मिलेगी। शेष बचे 70 खिलाड़ियों को 1900 के ग्रेड पे पर नियुक्ति मिलेगी। संभावना है कि सितंबर माह में ही सभी खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र प्रदान कर दिया जाएगा।
इन खिलाड़ियों को मिलेगी नियुक्ति
पारा स्पोर्ट्स के 5 खिलाड़ी (5 पुरुष)
रग्बी के 17 खिलाड़ी (9 महिला 8 पुरुष)
सेपक टकरा के 16 खिलाड़ी (5 महिला 11 पुरुष)
फुटबॉल के 11 खिलाड़ी (11 महिला)
एथलेटिक्स के 8 खिलाड़ी (1 महिला 7 पुरुष)
लॉन बॉल के 8 खिलाड़ी (3 महिला 5 पुरुष)
वूशु के 5 खिलाड़ी (2 महिला 3 पुरुष)
सॉफ्ट टेनिस के 4 खिलाड़ी (4 पुरुष)
फेंसिंग के 3 खिलाड़ी (3 पुरुष)
कबड्डी के 2 खिलाड़ी (2 महिला)
कुश्ती के 2 खिलाड़ी (2 महिला)
आर्चरी के 1 खिलाड़ी (1 महिला)
बास्केटबॉल के 1 खिलाड़ी (1 पुरुष)
बॉक्सिंग के 1 खिलाड़ी (1 पुरुष)
साइक्लिंग के 1 खिलाड़ी (1 पुरुष)
नेटबॉल के 1 खिलाड़ी (1 महिला) और
तैराकी के 1 खिलाड़ी (1 महिला)







