| रांची |
रांची महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 के आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता – भाग 2
हॉकी इंडिया और झारखंड सरकार के संयुक्त तत्वावधान में 13 से 19 जनवरी 2024 तक रांची में आयोजित महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर प्रतियोगिता में चारा घोटाले की तर्ज पर बिल भुनाने के लिए बुलेट और यामाहा की बाइक को स्कॉर्पियो बता देश-विदेश के मेहमानों को 14 दिन तक घुमाया गया। दोनों बाइक को स्कॉर्पियो बता देवघर के जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार ने 29 जनवरी को 1 लाख 5 हजार 635 रुपए के भुगतान को सही बताते हुए सत्यापित भी कर दिया। तत्पश्चात तत्कालीन खेल निदेशक सुशांत गौरव ने स्वीकृत्यादेश देते हुए भुगतान करा दिया।
बुलेट 14 दिन और यामाहा FZ/X 13 दिन तक स्कॉर्पियो बन राजधानी की सड़कों पर दौड़ते रहे
जिस बिल के आधार पर भुगतान किया गया उसके अनुसार JH 01 AK 4379 बुलेट जनवरी की 8 तारीख से 21 जनवरी तक और JH 01 BT 8823 यामाहा FZ/S जनवरी की 8 तारीख से 21 जनवरी तक राजधानी रांची की सड़कों पर स्कॉर्पियो बन देश विदेश के मेहमानों की मेहमाननवाजी में जुटा रहा। इसी दौरान JH 01 BT 8823 यामाहा FZ/S बाइक ने 13 जनवरी को स्लिप नंबर 33861 द्वारा 40 लीटर, 18 जनवरी को स्लिप नंबर 34086 द्वारा 40 लीटर, 20 जनवरी को स्लिप नंबर 34186 द्वारा 40 लीटर और 20 जनवरी को ही दोबारा स्लिप नंबर 34208 द्वारा 40 लीटर मतलब कुल जमा 160 लीटर डीजल भी डलवाया गया। ध्यान रहे दोनों बाइक सिर्फ और सिर्फ पेट्रोल पर चलते हैं। बुलेट का बिल 54,827 रुपए का बनाया गया जबकि यामाहा का बिल 50808 रुपए का बनाया गया। (देखें तस्वीर)


जानबूझकर बिल बढ़ाने और पैसे की बंदरबांट के लिए बनाए गए कागजात
ओलंपिक क्वालीफायर के दौरान खेल निदेशालय के सक्षम प्राधिकार द्वारा पेट्रोल/डीजल लेने के लिए कूपन की व्यवस्था थी। साथ ही जो गाड़ियां मेहमानों के लिए भाड़े पर आई थीं उनका बाकायदा लॉग बुक भी बना था। इसके बाद पेट्रोल पंप संचालक ने कूपन के आधार पर दिए गए पेट्रोल डीजल की एवज में बिल बनाया। फिर भाड़े की गाड़ी सप्लाई करनेवाले ने गाड़ियों की बिल बनाई। कुल जमा पांच जगह पहला खेल निदेशालय का सक्षम प्राधिकार द्वारा कूपन, दूसरा पेट्रोल/डीजल देते समय गाड़ी के नंबर की इंट्री, तीसरा गाड़ी का लॉग बुक, चौथा पेट्रोल पंप द्वारा प्रेषित बिल और पांचवां भाड़े पर गाड़ी उपलब्ध कराने वाले वेंडर द्वारा बनाया गया बिल सभी के सभी दस्तावेज में बुलेट और यामाहा की बाइक स्कॉर्पियो कैसे बन सकती है ? साफ है कि बिल बढ़ाकर कद्दू काटा गया है और बांटा भी गया है लेकिन कद्दू के कटने और बंटने के हुए खेल के बीच सरकार के राजस्व को कम से कम 1 लाख 5 हजार 635 रुपए का नुकसान हो गया।
sportsjharkhand.com पर जारी रहेगी हमारी विशेष सीरीज
“रांची महिला हॉकी ओलंपिक क्वालीफायर 2024 के आयोजन में प्रशासनिक व वित्तीय अनियमितता”
बने रहिए हमारे साथ







