| रांची |
24 अप्रैल की शाम 15 खेल प्रशिक्षकों का संविदा विस्तार नहीं होने संबंधी खबर sportsjharkhand.com पर छपने के बाद खेल निदेशालय भकुआ कर जागा। इसके बाद AC कमरों में बैठकर एक दो कबिलांठों विभाग व निदेशालय द्वारा नियुक्ति की शर्तों के प्रतिकूल जाकर सेवा विस्तार देने के नाम पर वार्षिक मूल्यांकन प्रतिवेदन (APAR) के साथ प्रशिक्षकों की शारीरिक दक्षता (फिजिकल टेस्ट) लेने का फरमान भी सुना दिया गया। पता हो कि नियुक्ति के दौरान किसी भी प्रशिक्षक की शारीरिक दक्षता की परीक्षा नहीं ली गई थी, सिर्फ खिलाड़ी व प्रशिक्षक के रूप में योग्यता व उपलब्धियां तथा साक्षात्कार के आधार पर नियुक्ति दी गई थी। निदेशक के हस्ताक्षर से छुट्टी के दिन 26 अप्रैल की तिथि को जारी पत्र के साथ बाकायदा 16 पन्ने का एनेक्सचर लगाया गया है। ये एनेक्सचर देखने से ही कॉपी पेस्ट प्रतीत हो रहे हैं जो किसी किताब/बुकलेट का हिस्सा हैं, क्योंकि फिजिकल टेस्ट के दौरान सीट रिच, कर्ल अप्स, पुश अप्स और 2 किलोमीटर दौड़ के टेस्ट के लिए बने कॉलम में उम्र सीमा 17 से 19 वर्ष के बीच से शुरू हो रही है। जबकि राज्य में प्रशिक्षकों की नियुक्ति की न्यूनतम उम्र सीमा ही 25 वर्ष है। यही नहीं जो एनेक्सचर लगाए गए हैं उनमें डे बोर्डिंग प्रशिक्षकों का टेस्ट लिए जाने का भी निर्देश है, जबकि डे बोर्डिंग के प्रशिक्षक संविदा के आधार पर रखे ही नहीं गये हैं। नकल के लिए भी अकल की जरूरत होती है ये बात कबिलांठों को कौन समझाए। निदेशालय के अफसरों को ऐसे ही कबिलांठ पसंद हैं क्योंकि कबिलांठ अपने अफसरों को खुश रखने के लिए गधे को भी अपना बाप बना लेते हैं। जानकारी मिली है कि इस बार निदेशालय में बैठे कबिलांठों को दक्षिण छोटानागपुर के एक जिला खेल पदाधिकारी (DSO) का मार्गदर्शन भी मिला था।




शारीरिक दक्षता में इन मापदंडों पर उतरना होगा खरा
पत्र के साथ दिए गए एनेक्सचर के अनुसार प्रशिक्षकों को सीट रिच, कर्ल अप्स, पुश अप्स और 2 किलोमीटर दौड़ पर समय और संख्या के हिसाब से अंक आवंटित किए जाएंगे। इसी के आधार पर खराब, औसत, अच्छा, बहुत अच्छा, श्रेष्ठ जैसा आकलन किया जाएगा। पत्र में कहीं भी इस बात का जिक्र नहीं है कि प्रशिक्षक की अस्वस्थता होगी तो उसे इस जांच से मुक्ति मिलेगी या नहीं ? जैसे एक प्रशिक्षक मातृत्व अवकाश में हैं या जानेवाली हैं, वो कैसे फिजिकल टेस्ट देंगी ? ऐसे कई मामले हैं लेकिन इससे निदेशालय को क्या लेना देना। कागजों पर कलम दौड़ता रहे, लोग समझते रहेंगे की बहुत काम हो रहा है।
निदेशालय की अकर्मण्यता का दंश झेलेंगे कम से कम तीन प्रशिक्षक
निदेशालय ने प्रशिक्षकों की नियुक्ति के साथ ही पदस्थापना-तबादला भी किया। इसी क्रम में एतवा तिग्गा को न्यू स्टेडियम पाकुड़ आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, प्रेरणा मिश्रा को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम चतरा के आवासीय फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र और प्रणिता तिर्की को कन्या मध्य विद्यालय गढ़वा स्थित फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र में पदस्थापित किया गया। ये तीनों सेंटर अभी तक शुरू नहीं हो पाए हैं, जबकि इस बीच कम से कम दो बार लाखों करोड़ों रुपए खर्च कर प्रतिभा खोज प्रतियोगिता का आयोजन किया जा चुका है। अब ये तीनों प्रशिक्षकों का वार्षिक रिपोर्ट क्या बनेगा ? क्या स्ट्रेंथ और विकनेस बताएंगे, उपलब्धियां कहां से लाएंगे ? कबिलांठों और उनके आकाओं को कौन समझाए। अगर यही मापदंड अपनाया गया तो निदेशालय की अकर्मण्यता का दंश ये तीनों प्रशिक्षक क्यों झेले ? कौन जिम्मेवार है ? एतवा तिग्गा का स्थानांतरण अभी दो माह पहले चाईबासा कर दिया गया है।
पत्र मिलते ही ज्यादातर DSO रेस
निदेशालय का पत्र मिलते ही ज्यादातर जिलों के DSO रेस हो गए हैं और उन्होंने सभी प्रशिक्षकों (आवासीय, डे बोर्डिंग और CoE) को टेस्ट के लिए तैयार रहने का निर्देश दे दिया है जबकि निदेशक का पत्र सिर्फ और सिर्फ संविदा पर नियुक्त प्रशिक्षकों के संविदा विस्तार से जुड़ा है। इस पत्र में ये भी साफ नहीं है कि तीन तीन साल की संविदा पर चल रहे प्रशिक्षकों को भी इसमें शामिल करना है (जिनका संविदा की अवधि अक्टूबर में पूर्ण हो रही है) या नहीं ? फिर डे बोर्डिंग प्रशिक्षकों का शारीरिक दक्षता परीक्षा कैसे होगी। कुछ कबिलांठ DSO इस अवसर को आर्थिक, मानसिक और शारीरिक दोहन के तौर पर इस्तेमाल कर रहे हैं। जिन जिलों में निदेशालय से मार्गदर्शन के अभाव में डे बोर्डिंग प्रशिक्षकों को बढ़ा हुआ मानदेय नहीं दिया जा रहा वहां भी बगैर साफ साफ मार्गदर्शन के डे बोर्डिंग प्रशिक्षकों की शारीरिक दक्षता कराने की तैयारी शुरू कर दी गई है। ये जिला स्तर पर बनाए गए व्हाट्सएप ग्रुप के चैट से साफ तौर पर परिलक्षित हो रहा है।
बेड़ा गर्क करने में जुटे निदेशालय के कबिलांठ
AC कमरों में बैठे एक-दो कबिलांठ कर्मी देश के विभिन्न हिस्सों में चल रही योजनाओं की कॉपी पेस्ट कर आलाधिकारियों को अपनी काबिलियत दिखाने के चक्कर में खेल निदेशालय का बेड़ा गर्क करने में जुटे हुए हैं। ऐसे ही कबिलांठों ने पेट्रोल पर GST का भुगतान, CNG और ई रिक्शा में डीजल भरवाया, 30 के बिल को 29 को ही सत्यापित करवा डाला, जोड़-घटाव तक नहीं आता फिर भी काबिल बने हुए हैं। अल्लाह मेहरबान तो गदहा पहलवान। एक अति महत्वपूर्ण टेंडर में कॉपी पेस्ट के दौरान कबिलांठों ने जिस प्रतियोगिता का टेंडर कॉपी पेस्ट किया था उस प्रतियोगिता का नाम कई जगह रह गया था। बाद में ध्यान दिलाने पर उसे सुधारा गया।







