| रांची
टीम sportsjharkhand.com |
31 जनवरी से 4 फरवरी, 2024 तक रांची के खेलगांव स्थित मेगा स्पोर्ट्स कॉम्लेक्स के परमवीर शहीद अल्बर्ट एक्का खो-खो मैदान में चलने वाले अंडर 14 बालक/बालिका वर्ग खो-खो प्रतियोगिता का आज उद्घाटन किया गया।
राज्य के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस प्रतियोगिता का उद्घाटन राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग, झारखंड ओलिंपिक एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष शिवेनद्रनाथ दुबे, एसजीएफआई आब्जर्वर पवन कुमार शर्मा और अन्य सहायक पदाधिकारी शामिल हुए। इस प्रतियोगिता में 28 टीमें भाग ले रही है। प्रतियोगिता की चैंपियन बनने के लिए 660 खिलाड़ी दम खम लगा रहे है। इनमें 336 बालक और 324 बालिकायें शामिल है।
आज हुए खो-खो प्रतियोगिता के परिणाम
महाराष्ट्र बनाम हिमाचल प्रदेश के बीच हुए बालिका वर्ग खो-खो स्पर्धा में महाराष्ट्र की बालिका टीम ने 18-4 के अंतर से हिमाचल प्रदेश की बालिका टीम को पराजित किया
महाराष्ट्र बनाम कर्नाटक बालक वर्ग खो खो मुक़ाबले में महाराष्ट्र की बालक टीम ने 4 अंको से जीत दर्ज की।
दिल्ली बनाम एनवीएस के बीच हुए मुक़ाबले में दिल्ली की बालक टीम ने एनवीएस को 7 अंको से पराजित किया।
तेलंगाना बनाम राजस्थान के बीच खेले गए बालक वर्ग खो खो मुक़ाबले में तेलंगाना की बालक टीम ने राजस्थान को 2 अंको से पराजित किया। मुक़ाबले की समाप्ति तक तेलगाना का स्कोर 16 और राजस्थान का स्कोर 14 रहा।
उत्तरप्रदेश बनाम पश्चिम बंगाल के बीच हुए बालक वर्ग खो खो मुक़ाबले में पश्चिम बंगाल की टीम ने 15 और उत्तर प्रदेश की टीम ने 9 अंक बनाये। पश्चिम बंगाल की टीम विजयी।







