केंद्रीय खेल मंत्रालय ने 7 राज्यों में 143 खेलो इंडिया सेंटर खोलने की घोषणा की है। इसमें खेल मंत्री किरण रिजिजू के गृह राज्य अरुणाचल के 24 जिलों के लिए सबसे ज्यादा 52 सेंटर खोलने का निर्णय लिया गया है। जबकि झारखंड के 24 जिलों के हिस्से इस बार एक बड़ा अंडा ही आया है। जो सेंटर खोले जाने हैं उनमें अरुणाचल प्रदेश में 52, महाराष्ट्र में 36, कर्नाटक में 31, मणिपुर में 16, मध्यप्रदेश में 4 तथा गोवा व मिज़ोरम में 2-2 सेंटर खोलने की मंजूरी मिली है। ये सभी सेंटर राज्य सरकारों के साथ मिलकर शुरू किए गए हैं और सभी सेंटरों के लिए 10 लाख रुपये का आवंटन तय किया गया है।
इससे पहले भी 217 खेलो इंडिया सेंटर खोंले जा चुके हैं। इनमें से 12 सेंटर झारखंड को भी अलॉट हुए थे। पता हो कि केंद्र सरकार ने जून 2020 में ये निर्णय लिया था कि 2024 तक पूरे देश में 1000 खेलो इंडिया सेंटर खोले जाएंगे। इसी के तहत 143 नए सेंटर खोलने पर मुहर लगी है।
“2028 के ओलंपिक में भारत पदक तालिका के TOP 10 में रहे इसी मकसद के साथ युवा खेल प्रतिभाओं को तराशने के लिए खेलो इंडिया सेंटर खोले जा रहे हैं।”
किरण रिजिजू, केंद्रीय खेल मंत्री
|
झारखंड को ये 12 सेंटर हुए थे अलॉट
झारखंड सरकार व CCL के संयुक्त इकाई JSSPS में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, साइकिलिंग, तलवारबाजी, फुटबॉल, शूटिंग, तैराकी, वेटलिफ्टिंग और कुश्ती के सेंटर खुलने थे जबकि टाटा आर्चरी अकादमी, जमशेदपुर में तीरंदाज़ी के रिकर्व और बिरसा मुंडा आर्चरी अकादमी, सिल्ली, रांची में तीरंदाज़ी के कंपाउंड स्पर्द्धा का खेलो इंडिया सेंटर बनाया गया था। इनमें से आखिरी के दो सेंटर चालू हैं जबकि अन्य 10 सेंटर शुरू होने की बाट जोह रहे हैं।