रांची |
रांची के दलादिली स्थित JK इंटरनेशनल स्कूल प्रांगण में शुक्रवार को 13वीं झारखंड राज्य तलवारबाज़ी प्रतियोगिता का आगाज़ हुआ। तीन दिनों तक चलनेवाली प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन झारखंड तलवारबाज़ी संघ के चेयरमैन जितेंद्र सिंह, अध्यक्ष अर्चित आनंद व विशिष्ट अतिथि जे के इन्टरनेशनल स्कूल, सासाराम के प्राचार्य मनोज राय ने संयुक्त रूप से किया। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए राज्य भर के लगभग 168 खिलाड़ी पहुंच चुके हैं, जिनके ठहरने व भोजन की व्यवस्था स्कूल परिसर में की गई है। इसी प्रतियोगिता के आधार पर झारखंड टीम का गठन किया जाएगा जो आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेगी। इस अवसर पर संघ के कार्यकारी अध्यक्ष चंचल भट्टाचार्य, उपाध्यक्ष सुशील कुमार सिंह मंटू, कोषाध्यक्ष करमबीर उरांव, आयोजन सचिव सुशीला कुजूर, संयुक्त सचिव राकेश मिश्रा समेत कई तकनीकी अधिकारी, कोच व अभिभावक मौजूद रहे। मंच संचालन संजेश मोहन ठाकुर ने किया।
“गरीब व अभावग्रस्त प्रतिभावान खिलाड़ियों की मदद के लिए JK ग्रुप ऑफ कंपनी प्रतिबद्ध है”
जितेंद्र सिंह, चेयरमैन, झारखंड तलवारबाज़ी संघ
“इस सत्र में राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतनेवाले तलवारबाजों के लिए संघ की ओर से सरप्राइज गिफ्ट की व्यवस्था की गई है”
अर्चित आनंद, अध्यक्ष, झारखंड तलवारबाज़ी संघ