sportsjharkhand.com टीम
रांची
इस वर्ष ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामित पूर्व भारतीय हाॅकी टीम की कप्तान सुमराय टेटे राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त के दिन पुरस्कार लेने के वक्त अपनी माता संतोषी टेटे और पिता बरनबास टेटे के साथ राष्ट्रपति भवन में मौजूद रहेंगी। सुमराय टेटे ने इसकी जानकारी प्रबंधकों को दे दी है। नियमानुसार पुरस्कार विजेता के साथ एक परिजन के आने-जाने और ठहरने की व्यवस्था की जाती है, लेकिन सुमराय टेटे ने अपने खर्च पर माता-पिता दोनों के साथ पुरस्कार लेने का फैसला किया है। 27 अगस्त को सेवा विमान से सुमराय और उनके माता-पिता दिल्ली के लिए रवाना होंगे, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था होटल अशोका में की गयी है। सुमराय टेटे झारखंड की पहली महिला खिलाड़ी हैं जिन्हें ध्यानचंद पुरस्कार से सम्मानित किया जा रहा है। पिछले वर्ष सिल्वानुस डुंगडुंग को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वे यह सम्मान पानेवाले झारखंड के पहले खिलाड़ी बने थे।
28 अगस्त को होगा रिहर्सल
सुमराय टेटे ने sportsjharkhand.com को बताया कि राष्ट्रीय खेल दिवस के दिन पुरस्कार वितरण समारोह से पहले 28 अगस्त को रिहर्सल का कार्यक्रम तय है। प्रबंधकों की ओर से पहने जानेवाले कपड़ों की साइज मांगी गयी थी जो मेल से भेज दिया गया है। पता हो कि महिला खिलाड़ियों को साड़ी और ब्लेजर पहनना होता है जबकि पुरूष खिलाड़ी शर्ट-पैंट और ब्लेजर पहनते हैं।
11 सितंबर को वापस रांची लौटेंगी सुमराय टेटे
पुरस्कार लेने के बाद सुमराय टेटे 30 अगस्त को रांची नहीं लौटकर सीधे बेंगलुरू के लिए रवाना हो जाएंगी, जहां बेंगलुरू कप प्रतियोगिता में भाग लेनेवाली दक्षिण-पूर्व रेलवे टीम की मैनेजर सह कोच की भूमिका निभानी है। यह प्रतियोगिता 29 अगस्त से 8 सितंबर तक चलेगी। उसके बाद रांची और राज्य के खेल प्रशंसकों से सुमराय टेटे की मुलाकात 11 अक्टूबर को ही होगी। वहीं सुमराय के माता-पिता 30 अगस्त को सेवा विमान से वापस लौट जाएंगे।
संघर्षपूर्ण जीवनयात्रा में मैं आज जो कुछ भी हूं, मां-पिता की बदौलत ही हूं। इसलिए राष्ट्रपति भवन में मां-पिताजी की उपस्थिति में ही ध्यानचंद पुरस्कार लेने का फैसला लिया।
सुमराय टेटे
ध्यानचंद पुरस्कार के लिए नामित पूर्व भारतीय हाॅकी कप्तान







